मध्य प्रदेश

Bhopal: भोपाल-जबलपुर में चलेगी आंधी, 24 से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट जारी

Admindelhi1
2 April 2025 11:06 AM IST
Bhopal: भोपाल-जबलपुर में चलेगी आंधी, 24 से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट जारी
x
"दिन और रात के तापमान में आयी गिरावट"

भोपाल: मध्य प्रदेश में पिछले 24 घंटे से मौसम बदला हुआ है। हवाओं के साथ नमी आने के कारण प्रदेश के दक्षिणी क्षेत्र में बादल बने हुए हैं। इसके साथ ही गरज-चमक के साथ कहीं-कहीं बूंदाबांदी भी हो रही है। वहीं आज बुधवार को प्रदेश के 24 से ज्यादा जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, भोपाल-जबलपुर में तेज आंधी चल सकती है। इसकी रफ्तार 40 से 50 किमी प्रतिघंटा तक रह सकती है। लगातार मौसम में हो रहे बदलाव के कारण प्रदेश के दिन और रात के तापमान में गिरावट आयी है।

मौसम विभाग के मुताबिक, साइक्लोनिक सर्कुलेशन-टर्फ की वजह से प्रदेश में ओले-बारिश और आंधी का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव है। मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहे तो कहीं-कहीं हल्की बारिश भी हुई। भोपाल में पूरे दिन बादल रहे। जबलपुर, नीमच, मंदसौर, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, उमरिया और कटनी में गरज-चमक, तेज आंधी का असर भी देखने को मिला।

दूसरी ओर, कई शहरों में दिन के तापमान में गिरावट हुई है। सिवनी में पारा 30.4 डिग्री सेल्सियस, मलाजखंड में 32.3 डिग्री, पचमढ़ी में 32.4 डिग्री, मंडला में 34.5 डिग्री, सीधी में 34.8 डिग्री और बैतूल में 35 डिग्री रहा। वहीं, धार सबसे गर्म रहा। यहां दिन का पारा 39.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रतलाम में 39.5 डिग्री, नर्मदापुरम में 39.2 डिग्री, गुना-दमोह में 38.5 डिग्री, छतरपुर के खजुराहो में 38.2 डिग्री, शिवपुरी-शाजापुर में 38 डिग्री तापमान रहा। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 37 डिग्री, इंदौर में 37.2 डिग्री, ग्वालियर में 36.6 डिग्री, उज्जैन में 38.4 डिग्री और जबलपुर में पारा 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

आज बुधवार को खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में ओले गिर सकते हैं। यहां ऑरेंज अलर्ट है। जबकि भोपाल, जबलपुर, सिंगरौली, सीधी, मऊगंज, रीवा, सतना, मैहर, उमरिया, डिंडौरी, सिवनी, मंडला, कटनी, पन्ना, दमोह, सागर, रायसेन, सीहोर, खरगोन और बड़वानी में तेज आंधी, हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। 3 अप्रैल को खरगोन, बुरहानपुर, खंडवा, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में ओले-आंधी का ऑरेंज अलर्ट है। बड़वानी, श्योपुर, मुरैना, ग्वालियर, भिंड, दतिया, छतरपुर में भी तेज आंधी चल सकती है। 4 अप्रैल को सिवनी-मंडला में ओले गिर सकते हैं, जबकि बालाघाट में तेज आंधी चलने की संभावना है।

Next Story