मध्य प्रदेश

Bhopal: शिवराज सिंह का बुदनी दौरा, कृषि एक्सपो में करेंगे शिरकत

Admindelhi1
24 March 2026 12:53 PM IST
Bhopal: शिवराज सिंह का बुदनी दौरा, कृषि एक्सपो में करेंगे शिरकत
x

भोपाल: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान आज मंगलवार को मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के प्रवास पर रहेंगे। वे यहां बुदनी के केंद्रीय कृषि यंत्रीकरण एवं परीक्षण प्रशिक्षण संस्थान (सीएफएमटीटी) आयोजित कृषि मशीनरी मेला समारोह (“राष्ट्रीय कृषि उदय एक्सपो–2026) में शामिल होंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान दोपहर 03:45 बजे बुदनी पहुचेंगे और सीएफएमटीटी में आयोजित कृषि मशीनरी मेला समारोह में शामिल होंगे। इस दौरान वे किसानों एवं कृषि उद्योग से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद स्थापित करेंगे तथा उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अनुभवों से अवगत होंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी देवेन्द्र ओगारे ने जानकारी देते हुए बताया कि केन्द्रीय कृषि मंत्री चौहान इस मौके पर नई अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं एवं उन्नत सुविधाओं का लोकार्पण करेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे, जिससे तकनीकी सहयोग, कौशल विकास एवं नवाचार को प्रोत्साहन मिलेगा। इसके अतिरिक्त, किसानों को आधुनिक कृषि उपकरणों से युक्त टूलकिट का वितरण किया जाएगा। कार्यक्रम के बाद केन्द्रीय मंत्री चौहान शाम 06:15 बजे भोपाल के लिए प्रस्थान करेंगे।

उन्होंने बताया कि कृषि क्षेत्र में आधुनिक तकनीक और कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुदनी के केंद्रीय कृषि यंत्रीकरण एवं परीक्षण प्रशिक्षण संस्थान (सीएफएमटीटी) में 22 से 24 मार्च 2026 तक तीन दिवसीय “राष्ट्रीय कृषि उदय एक्सपो 2026” का आयोजन किया जा रहा है। आज मंगलवार को इस एक्सपो का दूसरा दिन है।

यह तीन दिवसीय कृषि प्रदर्शनी किसानों, कृषि वैज्ञानिकों, उद्योग प्रतिनिधियों तथा विभिन्न संस्थानों के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों, यंत्रीकरण एवं नवाचारों को समझने एवं अपनाने का एक प्रभावी मंच प्रदान कर रही है। एक्सपो में आधुनिक कृषि यंत्रों, ड्रोन तकनीक, फसल प्रबंधन, प्रसंस्करण तकनीकों तथा कृषि यंत्रीकरण से संबंधित नवीनतम उपकरणों का प्रदर्शन किया जा रहा है। साथ ही, किसानों को विभिन्न शासकीय योजनाओं, तकनीकी नवाचारों एवं स्वरोजगार के अवसरों के संबंध में विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।

Next Story