मध्य प्रदेश

Bhopal: भीषण गर्मी की शुरुआत, Madhya Pradesh के कई जिलों में लू के हालात

Admindelhi1
13 March 2026 12:17 PM IST
Bhopal: भीषण गर्मी की शुरुआत, Madhya Pradesh के कई जिलों में लू के हालात
x

भोपाल: मध्य प्रदेश में मार्च के दूसरे हफ्ते से ही गर्मी ने तेज तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। गुरुवार को सीजन में पहली बार नर्मदापुरम, रतलाम और धार में लू चली। इन इलाकों में शुक्रवार को भी लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि प्रदेश के 10 शहरों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया । नर्मदापुरम सबसे गर्म रहा।

मौसम विभाग के मुताबिक, 14 मार्च से सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के मौसम में बदलाव हो सकता है। इसके चलते 15 और 16 मार्च को कई जिलों में बादल, बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है। 15 मार्च को ग्वालियर और जबलपुर सहित करीब 16 जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। वहीं 16 मार्च को प्रदेश के पूर्वी हिस्से के लगभग 14 जिलों में मौसम बदला हुआ रह सकता है। बारिश के इस संभावित बदलाव से पहले प्रदेश के कई इलाकों में गर्मी का असर लगातार बढ़ रहा है। बुधवार को धार, नर्मदापुरम और रतलाम में लू चलने के साथ तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया। भोपाल, इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर जैसे बड़े शहरों में भी पारा बढ़ा हुआ रहा।

तापमान की बात करें तो नर्मदापुरम सबसे गर्म रहा, जहां 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा रतलाम में 39.5 डिग्री, खजुराहो में 39 डिग्री, धार में 38.8 डिग्री, दमोह और टीकमगढ़ में 38.5 डिग्री, खंडवा में 38.1 डिग्री तथा मंडला, श्योपुर और खरगोन में करीब 38 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। प्रदेश के बड़े शहरों में इंदौर का तापमान 37.8 डिग्री, उज्जैन में 37.5 डिग्री, ग्वालियर में 37.2 डिग्री, भोपाल में 37 डिग्री और जबलपुर में 36.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल हवाओं की दिशा उत्तर-पूर्व से बदलकर पश्चिम और उत्तर-पश्चिम हो गई है। हवा में नमी कम है और यह रेगिस्तानी इलाकों से होकर मध्य प्रदेश पहुंच रही है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी हो रही है।

Next Story