मध्य प्रदेश

Bhopal: अंतरराज्यीय अपराध प्रकरणों की गंभीर समीक्षा

Admindelhi1
27 March 2026 3:47 AM IST
Bhopal: अंतरराज्यीय अपराध प्रकरणों की गंभीर समीक्षा
x

भोपाल: मध्य प्रदेश के अशोकनगर, इंदौर (शहर एवं देहात), खरगोन एवं भोपाल जिलों के थानों में दर्ज अंतरराज्यीय संगठित आपराधिक प्रकरणों की प्रभावी जांच के लिए पुलिस मुख्यालय द्वारा गुरुवार को विशेष अनुसंधान दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एसआईटी अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसटीएफ श्रीनिवास वर्मा के पर्यवेक्षण में कार्य करेगी। एसआईटी का प्रभार पुलिस उप महानिरीक्षक/पुलिस अधीक्षक (रेल) भोपाल राहुल कुमार लोढ़ा को दिया गया है।

पुलिस मुख्यालय द्वारा आदेश के अनुसार, एसआईटी में पुलिस अधीक्षक एसटीएफ भोपाल राजेश सिंह भदौरिया, पुलिस अधीक्षक एसटीएफ इंदौर नवीन कुमार चौधरी, पुलिस अधीक्षक एटीएस मुख्यालय भोपाल वैभव श्रीवास्तव, सहायक पुलिस महानिरीक्षक (रेडियो) सुधीर कनोजिया, एसटीएफ मुख्यालय भोपाल के उप पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत अवस्थी, उप पुलिस अधीक्षक दिव्या सिंह राजावत, कार्यवाहक उप पुलिस अधीक्षक महेन्द्र सिंह चौहान एवं कार्यवाहक उप पुलिस अधीक्षक योगिता साटनकर को सदस्य बनाया गया है।

एसआईटी संबंधित सभी प्रकरणों की केस डायरी तत्काल संबंधित जिलों से प्राप्त कर अग्रिम विवेचना प्रारंभ करेगी। एसआईटी मुख्यालय भोपाल में रहकर विवेचना करेगी। साथ ही आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एसटीएफ द्वारा अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी एसआईटी में नामांकित किया जा सकेगा। संबंधित प्रकरणों के वर्तमान विवेचक भी एसआईटी के नामांकित सदस्य रहेंगे।

Next Story