- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- Bhopal: मैपकास्ट के...
Bhopal: मैपकास्ट के तत्वावधान में विज्ञान मंथन का आयोजन

भोपाल: मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकास्ट) भोपाल द्वारा म.प्र. मिशन एक्सीलेंस अभियान के अंतर्गत विज्ञान मंथन यात्रा 2025-26 का आयोजन किया जा रहा है।
जनसम्पर्क अधिकारी जूही श्रीवास्तव ने सोमवार को बताया कि इस अभिनव योजना का उद्देश्य प्रदेश के विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति अभिरुचि विकसित करना है। योजना में मध्य प्रदेश के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के कक्षा 10वीं के विद्यार्थी और 11वीं एवं 12वीं के केवल विज्ञान विषय के विद्यार्थी शामिल होंगे। इन विद्यार्थियों को देश के ख्याति प्राप्त इसरो और श्रीहरिकोटा अनुसंधान संस्थान एवं प्रयोगशाला का शैक्षणिक भ्रमण करवाया जाएगा। विद्यार्थियों को इसरो के वैज्ञानिकों से संवाद कर विज्ञान से जुड़ी अपनी जिज्ञासाओं के समाधान प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थी इसरो के चंद्रयान मिशन सहित विभिन्न उपग्रहों के मॉडल्स और उनकी कार्यप्रणाली भी देखेंगे। इस अवसर पर विद्यार्थी उन वैज्ञानिकों से भी मुलाकात कर सकेंगे, जिन्होंने चंद्रयान मिशन की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह भ्रमण एवं अवलोकन कार्यक्रम अप्रैल 2026 में आयोजित किया जाएगा।
जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, विज्ञान मंथन यात्रा में भाग लेने के लिए ऐसे विद्यार्थी पात्र होंगे, जिन्होंने पिछली कक्षा में 75 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त किए हों। साथ ही विज्ञान विषय के शिक्षक एवं शिक्षिकाएं भी इस कार्यक्रम में सहभागिता कर सकेंगे। इच्छुक विद्यार्थी एवं शिक्षक www.mpcost.gov.in या mpmissionexcellence.org के माध्यम से 9 फरवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पात्रता एवं आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।





