मध्य प्रदेश

Bhopal: पुलिस ने 241 पशु कराए मुक्त, पशु तस्करी पर सख्ती

Admindelhi1
2 March 2026 2:02 AM IST
Bhopal: पुलिस ने 241 पशु कराए मुक्त, पशु तस्करी पर सख्ती
x

भोपाल: मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेश के विभिन्न जिलों में 05 दिनों में अवैध पशु परिवहन, गौवंश तस्करी के प्रकरणों में सघन एवं प्रभावी वैधानिक कारर्वाई करते हुए 241 गौवंश एवं अन्य पशुओं को मुक्त किया गया तथा 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही अवैध परिवहन में प्रयुक्त 01 डीसीएम, 01 कंटेनर, 07 पिकअप वाहन एवं 01 अशोक लीलैंड वाहन जप्त किए गए हैं।

पुलिस मुख्यालय द्वारा रविवार को जानकारी दी गई कि श्योपुर जिले के थाना बरगवां क्षेत्र में दर्ज चोरी के प्रकरण में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 41 भैंसों को बरामद किया, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 21 लाख 86 हजार रुपये है। पुलिस टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं स्थानीय मुखबिर तंत्र की सहायता से पशुओं का पता लगाया गया। मामले की विस्तृत विवेचना जारी है।

इसी प्रकार पन्ना जिले के थाना अजयगढ़ क्षेत्र में अवैध पशु परिवहन की सूचना पर पुलिस द्वारा घेराबंदी कर 07 पशु तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 105 नग पशु मुक्त कराए गए। परिवहन में प्रयुक्त 01 डीसीएम एवं 03 पिकअप वाहन जप्त किए गए। जप्त मशरूका की अनुमानित कीमत लगभग 31 लाख रुपये है। आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना की जा रही है।

खरगोन जिले के दो अलग -अलग थानों में अवैध गौवंश परिवहन के मामलों में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 02 आरोपियों को गिरफ्तार किया । पुलिस ने 08 गौवंश को मुक्त कराते हुए 02 पिकअप वाहन जप्त किए। वहीं, सतना जिले में थाना चित्रकूट पुलिस ने विशेष सतर्कता बरतते हुए एक कंटेनर एवं 01 पिकअप वाहन को रोककर जांच की। वाहन से ले जा रहे 71 नग भैंस एवं पड़वा को मुक्त कराया गया। मौके से 08 पशु तस्करों को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपियों के विरुद्ध पशु क्रूरता एवं अवैध परिवहन संबंधी धाराओं में प्रकरण पंजीबद्ध कर विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।

सिवनी जिले में थाना धूमा पुलिस ने मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए ले जाए जा रहे 07 गौवंश को मुक्त कराया। इस दौरान 02 आरोपियों को गिरफ्तार कर परिवहन में प्रयुक्त 01 पिकअप वाहन जप्त किया गया। बुरहानपुर जिले के थाना गणपति नाका पुलिस द्वारा सघन चेकिंग के दौरान अवैध गौवंश परिवहन में संलिप्त वाहन को पकड़ा गया। पुलिस ने 09 नग गौवंश को मुक्त कराते हुए परिवहन में प्रयुक्त अशोक लीलैंड कंपनी का वाहन जप्त किया। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा अवैध पशु परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध निरंतर निगरानी रखते हुए कानून के अनुरूप कठोर कार्रवाई की जा रही है। आमजन से अपील है कि ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना निकटतम थाने में दे सकते हैं।

Next Story