मध्य प्रदेश

Bhopal: नगर निगम ने रेलवे पर लगाए कब्जे के आरोप

Admindelhi1
9 May 2026 1:24 PM IST
Bhopal: नगर निगम ने रेलवे पर लगाए कब्जे के आरोप
x

भोपाल: राजधानी भोपाल के ऐशबाग क्षेत्र में सार्वजनिक यूरिनल निर्माण को लेकर विवाद गहरा गया है। नगर निगम ने आरोप लगाया है कि रेलवे ने सीमा दीवार बनाकर निगम की जमीन और निर्माणाधीन यूरिनल भवन को अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में निगम प्रशासन ने रेलवे विभाग को पत्र लिखकर तत्काल अतिक्रमण हटाने की मांग की है।

नगर निगम के अनुसार स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर में साफ-सफाई व्यवस्था मजबूत करने और खुले में शौच एवं मूत्र त्याग की समस्या रोकने के उद्देश्य से ऐशबाग रोड पर निगम स्वामित्व की भूमि पर सार्वजनिक यूरिनल का निर्माण कराया जा रहा था। निर्माण कार्य लगभग पूरा हो चुका था, तभी रेलवे विभाग ने बिना अनुमति सीमा दीवार खड़ी कर उक्त भूमि और यूरिनल भवन को अपनी परिसीमा में शामिल कर लिया।

निगम प्रशासन का कहना है कि संबंधित भूमि खसरा नंबर 1081(5) और 1082(5) में दर्ज है, जिसका कुल क्षेत्रफल 0.1290 हेक्टेयर यानी लगभग 12,163 वर्गफीट है और यह भूमि म्युनिसिपल बोर्ड के नाम दर्ज है। इसके बावजूद रेलवे द्वारा बिना अनुमति दीवार निर्माण कर कब्जा किया गया है।

मामले को गंभीर मानते हुए नगर निगम ने पश्चिम मध्य रेलवे के वरिष्ठ मंडल अभियंता (सेंट्रल) को पत्र भेजा है। पत्र में रेलवे से निगम स्वामित्व वाली भूमि से तत्काल सीमा दीवार हटाने की मांग की गई है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी रेलवे विभाग की होगी।

Next Story