मध्य प्रदेश

Bhopal: महिला आरटीओ इंस्पेक्टर की हत्या के बाद प्रेमी ने की आत्महत्या

Admindelhi1
21 Sept 2026 1:38 PM IST
Bhopal: महिला आरटीओ इंस्पेक्टर की हत्या के बाद प्रेमी ने की आत्महत्या
x
आरटीओ इंस्पेक्टर की हत्या से सनसनी, प्रेमी ने लगाई फांसी

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में साेमवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां एक महिला आरटीओ इंस्पेक्टर की हथौड़ी मारकर हत्या कर दी गई। इसके बाद आरोपित प्रेमी ने खुद फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। पूरा मामला खजूरी सड़क थाना क्षेत्र का है।

जानकारी अनुसार आरटीओ इंस्पेक्टर मीनाक्षी गोखले (45) का शव सोमवार सुबह भंवरी जोड़ के पास लेखपाल कॉलोनी स्थित घर में मिला। उनकी तीन साल की बेटी भी है। उनके सिर पर चोट के निशान थे और शव के पास खून से सना हथौड़ा पड़ा मिला। पुलिस को प्रारंभिक जांच में आशंका है कि रविवार देर रात विवाद के दौरान हथौड़े से वार कर मीनाक्षी की हत्या की गई। घटना के बाद प्रेमी पवन कुमार द्विवेदी का शव भी घर से करीब 20 मीटर दूर एक पेड़ पर फंदे से लटका मिला।

खजूरी सड़क पुलिस के अनुसार, पवन कुमार द्विवेदी मूल रूप से सीधी जिले का रहने वाला था। वह दो दिन पहले ही सीधी से भोपाल आया था और मीनाक्षी के साथ उनके घर में रह रहा था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों के बीच परिचय और संबंध थे। पवन मीनाक्षी से शादी करना चाहता था, जबकि मीनाक्षी इसके लिए तैयार नहीं थीं। पुलिस को आशंका है कि इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ होगा। इसके बाद मीनाक्षी के सिर पर हथौड़े से वार किए जाने की आशंका है। महिला की हत्या करने के बाद पवन ने घर से बाहर जाकर एक पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

मीनाक्षी की रूममेट ने सोमवार सुबह करीब सात बजे पुलिस को सूचना दी। इसके बाद खजूरी सड़क पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने भी मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने घटनास्थल से मिले हथौड़े सहित अन्य वस्तुओं को जांच के लिए सुरक्षित किया है।

पवन इंदौर में चला चुका है कोचिंग

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि पवन मूल रूप से सीधी का रहने वाला था और कुछ समय इंदौर में कोचिंग क्लासेस चला चुका था। वर्तमान में वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। पुलिस को उसकी जेब से बैंक पासबुक भी मिली है। पुलिस उसके मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है, ताकि घटना से पहले की गतिविधियों और दोनों के बीच हुई बातचीत की जानकारी मिल सके।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी स्थिति

पुलिस ने मीनाक्षी के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पवन के शव का भी पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत की वजह और घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस दोनों मौतों से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Next Story