मध्य प्रदेश

Bhopal: उज्जैन में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्विमिंग पूल शुरू

Admindelhi1
20 March 2026 5:16 PM IST
Bhopal: उज्जैन में अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्विमिंग पूल शुरू
x

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गुरुवार देर शाम उज्जैन में नगर निगम द्वारा नवनिर्मित तरणताल का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विक्रम संवत 2083 हिन्दू नव वर्ष पहले दिन शहरवासियों को तरणताल की सौगात मिली है।

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निगम के स्विमिंग पुल से शहरवासियों की कई यादें जुड़ी हुई है। अंतरराष्ट्रीय स्‍तर का स्विमिंग पुल की सौगात मिली है तो इसका मेंटेनेंस बनाये रखना होगा। मुख्‍यमंत्री ने शुभारंभ अवसर पर आयोजित तैराकी स्‍पर्धा के विजेता बालक-बालिका वर्ग की टीम को 51-51 हजार रुपये पुरस्‍कार स्‍वरूप देने की घोषणा की। कार्यक्रम में अतिथि के रूप में सांसद अनिल फिरोजिया, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा, महापौर मुकेश टटवाल, नगर निगम अध्‍यक्ष कलावती यादव, पूर्व विधायक राजेन्‍द्र भारती, संजय अग्रवाल, राजेश धाकड़ मौजूद थे।

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नगर निगम द्वारा 8.30 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित तरणताल (स्विमिंग पुल) का करीब 2 साल पहले भूमि-पूजन किया गया था। आज अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्विमिंग पूल का लोकार्पण करते हुए अत्यधिक प्रसन्नता हुई है। इसके निर्माण से अब उज्जैन की प्रतिभाओं को नये पंख लगेंगे और भविष्य के लिये मजबूत नींव रखी जा सकेगी।

उन्होंने कहा कि भगवान महाकाल की नगरी में क्षिप्रा में तैराकी करने का भी अपना अलग आंनद है। कार्यक्रम के प्रारंभ में स्‍वागत भाषण महापौर मुकेश टटवाल ने दिया। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव का स्‍वागत महापौर टटवाल और नगर निगम अध्‍यक्ष कलावती यादव, उज्‍जैन स्‍मार्ट सिटी के सीईओ संदीप शिवा, तैराकी संघ के अध्‍यक्ष राकेश तिवारी ने किया।

मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने पूजन-अर्चन के बाद फीता काटकर लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित तैराकी स्‍पर्धा में प्रथम शिवोहम् तिवारी, द्वितिय आर्यन राजपूत, तृतीय समर्थ गेहलोत रहे। मुख्‍यमंत्री डॉ. यादव ने बालक वर्ग एवं बालिका वर्ग के खिलाडियों को 51-51 हजार रुपये देने की घोषणा की।

उल्‍लेखनीय है की नगर निगम द्वारा उक्‍त तरणताल पुराने तरणताल के स्‍थान पर नया बनाया गया है। इसमें अंतरराष्ट्रीय स्‍तर के मानकों का विशेष ध्‍यान रखा गया है। तरणताल का कुल क्षेत्रफल 25x50 मीटर है तथा इसकी गहराई 4.5 फीट से 6.15 फीट तक रखी गई है। इसके साथ ही बच्‍चों के लिए वार्मअप पुल भी निर्मित किया गया है जिसकी गहराई 2.5 फीट से 3 फीट रखी गई है। तरणताल में विजिटर गैलेरी बनाई गई है। जिसमें 200 से अधिक लोगों के बैठने की व्‍यवस्‍था रहेगी। इसी के साथ पार्किंग, फूड कोर्ट, सिटिंग चेयर, पार्क, आधुनिक फिल्‍टर प्‍लांट, शावर की सुविधा और वेटिंग रूम की भी सुविधा भी रहेगी। तरणताल का संचालन नगर पालिका निगम द्वारा किया जाएगा।

Next Story