मध्य प्रदेश

Bhopal: मध्य प्रदेश में तूफानी बारिश का दौर, अलर्ट जारी

Admindelhi1
31 March 2026 12:59 PM IST
Bhopal: मध्य प्रदेश में तूफानी बारिश का दौर, अलर्ट जारी
x

भोपाल: मध्य प्रदेश में मार्च के आखिर में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर जारी है। सोमवार को जहां 8 जिलों में ओलावृष्टि हुई, वहीं 20 से ज्यादा जिलों में तेज हवा और बारिश देखने को मिली। हालांकि कुछ इलाकों में गर्मी भी बरकरार रही और नर्मदापुरम व खजुराहो में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया।

मौसम विभाग के मुताबिक, टर्फ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के एक्टिव होने से प्रदेश का मौसम बदला है और 3 अप्रैल तक ऐसे ही हालात बने रह सकते हैं। आज मंगलवार को भी प्रदेश में मौसम का यही मिला-जुला रूप देखने को मिल सकता है। अगले 24 घंटों के लिए ग्वालियर समेत 16 जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, बैतूल, पांढुर्णा, छिंदवाड़ा, सिवनी और बालाघाट शामिल हैं। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की संभावना है।

सोमवार को उज्जैन, नीमच, मंदसौर, बैतूल, धार और सीहोर में ओले गिरे। इसके अलावा भोपाल, मैहर, श्योपुर, छिंदवाड़ा, रतलाम, शाजापुर, आगर-मालवा, खंडवा, देवास, खरगोन, पांढुर्णा, सिवनी और अनूपपुर समेत कई जिलों में कहीं बारिश तो कहीं तेज हवा और बादलों का असर रहा। मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिए हैं कि 2 अप्रैल को एक और नया सिस्टम सक्रिय हो सकता है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के उत्तर-पश्चिम भारत में प्रभाव के चलते मध्य प्रदेश में एक बार फिर मौसम बदलने की संभावना है।

बारिश और आंधी से पहले सोमवार को प्रदेश में तेज गर्मी भी महसूस की गई। खजुराहो में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री और नर्मदापुरम में 40.2 डिग्री दर्ज किया गया। मंडला, रतलाम, उमरिया, खंडवा, दमोह, खरगोन, सतना, रीवा और रायसेन समेत कई जिलों में तापमान 38 से 39 डिग्री के बीच रहा। बड़े शहरों की बात करें तो जबलपुर सबसे गर्म रहा, जहां 39.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा भोपाल में 37.4, इंदौर में 36.5, ग्वालियर में 35.8 और उज्जैन में 37 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

Next Story