मध्य प्रदेश

Bhopal: दतिया विधानसभा उपचुनाव में उड़नदस्ता सक्रिय, लाखों की नकदी बरामद

Admindelhi1
17 July 2026 4:15 PM IST
Bhopal: दतिया विधानसभा उपचुनाव में उड़नदस्ता सक्रिय, लाखों की नकदी बरामद
x
चुनावी आचार संहिता के बीच 36.19 लाख रुपये नकद जब्त

भोपाल: मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा उपचुनाव-2026 के दृष्टिगत जिले में आदर्श आचार संहिता के प्रभावी पालन एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सतत करवाई की जा रही है। गुरुवार रात को पुलिस की सघन चेकिंग के दौरान एक दिन में 36.19 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं।

जनसंपर्क अधिकारी आरआर पटेल ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक दतिया मयूर खण्डेलवाल के निर्देशन में दतिया जिले में सघन वाहन चेकिंग अभियान संचालित किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक द्वारा विभिन्न अंतरजिला एवं प्रमुख चेकिंग पॉइंटों का लगातार निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक ने गुरुवार रात को सेवढ़ा चुंगी चेकिंग पॉइंट का आकस्मिक भ्रमण किया। इसी दौरान एक कार सवार युवक के कब्जे से करीबन ₹15,00,000 नकद राशि बरामद की गई। मौके पर एसएसटी को सूचना देकर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की गई।

इसी क्रम में गोराघाट चेकिंग पॉइंट पर चेकिंग के दौरान एमपी-09-जेडडी-9082 स्कॉर्पियो वाहन से ₹21,19,000 नकद राशि बरामद की गई। वाहन स्वामी से राशि के संबंध में पूछताछ की जा रही है तथा नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस प्रकार दतिया पुलिस द्वारा एक ही दिन में कुल ₹36,19,000 की नकद राशि बरामद कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

दतिया पुलिस द्वारा विधानसभा उपचुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले के सभी प्रमुख मार्गों, अंतरजिला सीमाओं एवं संवेदनशील स्थानों पर लगातार सघन वाहन चेकिंग, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच तथा अवैध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जा रही है। निर्वाचन आयोग के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि दतिया विधानसभा सीट क्रमांक-22 पर 30 जुलाई को उपचुनाव के लिए मतदान हाेना है।

Next Story