मध्य प्रदेश

भोपाल किसान आंदोलन: सरकार ने किसानों की बात सुनी, किसी पर दबाव नहीं, बोलीं कलेक्टर प्रियंका मिश्रा

SHIDDHANT
29 July 2026 11:16 PM IST
भोपाल किसान आंदोलन: सरकार ने किसानों की बात सुनी, किसी पर दबाव नहीं, बोलीं कलेक्टर प्रियंका मिश्रा
x
Bhopal भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में किसानों के विरोध-प्रदर्शन के बीच जिला कलेक्टर प्रियंका मिश्रा ने कहा कि प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और लोकतांत्रिक तरीके से सभी पक्षों की बात सुनी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी किसान या संगठन पर सरकार की ओर से किसी प्रकार का दबाव नहीं डाला जा रहा है। कलेक्टर प्रियंका मिश्रा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि फिलहाल यह कहना उचित नहीं होगा कि प्रदर्शन स्थल पर मौजूद लोग किन-किन संगठनों से जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि कई किसान अब भी धरना स्थल पर मौजूद हैं और अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रख रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जिन किसान प्रतिनिधियों ने सरकार के साथ बातचीत की और वहां से लौटे हैं, उनका कहना है कि सरकार ने उनकी मांगों को गंभीरता से सुना है और वे बातचीत से संतुष्ट हैं। हालांकि, कुछ किसान अभी भी प्रदर्शन स्थल पर डटे हुए हैं और अपनी मांगों पर चर्चा कर रहे हैं। प्रियंका मिश्रा ने कहा, "हम किसी पर कोई दबाव नहीं डाल रहे हैं। लोकतंत्र में हर नागरिक और सरकार, दोनों को अपनी बात रखने का अधिकार है। सरकार की ओर से जो निर्णय लिए गए हैं, उन पर सभी को गंभीरता से विचार करना चाहिए।"
उन्होंने बताया कि प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर रखे हुए है और हालात के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। गौरतलब है कि किसानों की विभिन्न मांगों को लेकर भोपाल में आंदोलन जारी है। सरकार और किसान प्रतिनिधियों के बीच कई दौर की वार्ता हो चुकी है। प्रशासन का कहना है कि बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने के प्रयास लगातार जारी हैं और शांति बनाए रखना सभी की प्राथमिकता है।
Next Story