मध्य प्रदेश

Bhopal: डॉ. यादव ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष को याद किया

Admindelhi1
10 Feb 2026 5:43 PM IST
Bhopal: डॉ. यादव ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष को याद किया
x

भोपाल: मध्‍य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने मंगलवार को मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष रहे स्व. राजेंद्र प्रसाद शुक्ला की जयंती पर विधानसभा परिसर में उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। विधायक एवं पूर्व प्रोटेम स्पीकर रामेश्वर शर्मा, पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता और स्व. शुक्ला के परिजन ने भी चित्र पर पुष्पांजलि की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि 10 फरवरी 1930 को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में जन्मे राजेंद्र प्रसाद शुक्ला, वर्ष 1985 से 1990 तक मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष रहे। उन्होंने छत्तीसगढ़ क्षेत्र में पदयात्राओं के माध्यम से जन जागरण का कार्य किया। लोकप्रिय जन नेता रहे शुक्ला राज्य सरकार में विधि-विधायी एवं सामान्य प्रशासन मंत्री भी रहे। छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माण के बाद, उन्होंने 14 दिसंबर 2000 से 19 दिसंबर 2003 तक छत्तीसगढ़ के प्रथम विधानसभा अध्यक्ष के रूप में कार्य किया। स्व. राजेंद्र प्रसाद शुक्ला ने 'असंसदीय अभिव्यक्तियां' नामक पुस्तक की संकल्पना की, जो विधायी कामकाज पर एक महत्वपूर्ण संदर्भ है। उन्होंने संसदीय मामलों सहित कई पुस्तक लिखीं।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष रहे व्यक्तित्वों की जयंती और पुण्यतिथि पर मध्य प्रदेश विधानसभा भवन में उन्हें स्मरण करने की परंपरा स्थापित करने के लिए विधानसभा अध्यक्ष तोमर की सराहना करते हुए उनका आभार माना।

Next Story