मध्य प्रदेश

Bhopal: परशुराम प्रकटोत्सव में शामिल होंगे डॉ. मोहन यादव

Admindelhi1
19 April 2026 11:36 AM IST
Bhopal: परशुराम प्रकटोत्सव में शामिल होंगे डॉ. मोहन यादव
x

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज रविवार (19 अप्रैल) को भगवान परशुराम की पावन जन्मस्थली जानापाव (महू) में आयोजित 'परशुराम प्रकटोत्सव' में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री यहाँ भगवान परशुराम मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की समृद्धि और खुशहाली के लिए मंगल कामना करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी अनुराग उइके ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव हेलीकॉप्टर द्वारा दोपहर 1:15 बजे जानापाव पहुंचेंगे और 'परशुराम प्रकटोत्सव' में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव जानापाव की महाभारतकालीन अस्त्र-शस्त्रों और चक्रव्यूह की कला पर आधारित अनूठी प्रदर्शनी का शुभारंभ करेंगे। वे स्थानीय सांस्कृतिक और धार्मिक कार्यक्रमों में भी सम्मिलित होंगे और उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, संस्कृति विभाग और श्रीकृष्ण पाथेय न्यास द्वारा आयोजित भगवान परशुराम प्रकटोत्सव के भव्य समारोह में कला और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम में विख्यात गायक सवई भट्ट एवं उनके दल द्वारा मनमोहक भक्ति गायन प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही, पंडित विजय शंकर मेहता द्वारा रचित और वीरेंद्र कुमार के निर्देशन में 'परशुराम नाट्य लीला' का सजीव मंचन भी होगा, जो भगवान परशुराम के विराट व्यक्तित्व को उजागर करेगा। कार्यक्रम में प्रवेश पूर्णतः नि:शुल्क रहेगा।

कार्यक्रम उपरांत मुख्यमंत्री डॉ. यादव दोपहर 1:40 बजे धार जिले के लिए प्रस्थान करेंगे। इसके पश्चात मुख्यमंत्री डॉ. यादव अपराह्न 3:55 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इंदौर प्रवास के दौरान वे यहां भगवान परशुराम की शोभायात्रा में शामिल होंगे, साथ अन्य स्थानीय कार्यक्रमों में भी भाग लेंगे।

जानापाव में विकसित हो रहा भव्य और दिव्य श्रीपरशुराम-श्रीकृष्ण लोक

गौरतलब है कि भगवान परशुराम की जन्म स्थली जानापाव में भव्य और दिव्य श्रीपरशुराम-श्रीकृष्ण लोक विकसित किया जा रहा है। इसकी लागत 17.41 करोड़ रुपये है। भगवान परशुराम और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन, दर्शन और संदेश को आमजन तक पहुंचाने के लिए श्रीपरशुराम-श्रीकृष्ण लोक एक प्रमुख आध्यात्मिक पर्यटन एवं सांस्कृतिक केन्द्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।

भगवान श्रीपरशुराम-श्रीकृष्ण लोक में भगवान श्रीपरशुराम और श्रीकृष्ण की कांस्य प्रतिमाएं स्थापित की जायेंगी। जानापाव में पत्थर एवं धातु से निर्मित 30 फीट ऊँचा भव्य द्वार निर्मित किया जायेगा। कथा और अन्य धार्मिक आयोजनों के लिये कथा मंच का निर्माण किया जायेगा। लोक के प्रांगण में 4 गजीबो, व्यू पाइंट, लैंड स्केपिंग, पाथ-वे और अन्य विकास कार्य भी किये जायेंगे। भगवान श्रीपरशुराम-श्रीकृष्ण लोक में एक भव्य संग्रहालय बनेगा, जो भगवान श्रीकृष्ण के जीवन दर्शन पर आधारित होकर पौराणिक महत्व को प्रदर्शित करेगा। लोक में 5 दीर्घाएं होंगी। इसमें शस्त्र दीर्घा, उत्पत्ति दीर्घा, स्वरूप दीर्घा, संतुलन दीर्घा एवं ध्यानदीर्घा होंगी। इनमें भगवान श्रीपरशुराम-श्रीकृष्ण की विभिन्न कलाओं को दर्शाया जाएगा।

Next Story