- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- Bhopal: श्रद्धालुओं ने...
Bhopal: श्रद्धालुओं ने मिलकर किया 80 हजार प्रतिमाओं का विसर्जन

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार को भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन जारी रहा। भोपाल नगर निगम द्वारा विभिन्न घाटों पर व्यापक व्यवस्था की गई हैं, जहां श्री गणेश उत्सव के दौरान डोल ग्यारस से अब तक लगभग 80 हजार से अधिक भगवान श्री गणेश की प्रतिमाएं सुगमता के साथ विसर्जित की गई।
निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन ने बताया कि निगम द्वारा शहर भर में बनाए गए 08 स्थायी विसर्जन कुंडों/घाटों तथा 33 स्थानों पर अस्थायी तौर पर बनाए गए विसर्जन कुंडों में भगवान श्री गणेश की लगभग 80 हजार से अधिक छोटी-बड़ी प्रतिमाओं को पूर्ण विधि-विधान के साथ ससम्मान विसर्जित किया गया। विसर्जन के दौरान 08 स्थायी विसर्जन कुंडों/घाटों पर लगभग 65 हजार छोटी एवं 03 हजार 500 बड़ी प्रतिमाओं को विसर्जित किया, जबकि जोन स्तर पर बनाए गए 33 अस्थायी विसर्जन कुंडों में 11 हजार 500 से अधिक प्रतिमाएं विसर्जित की गई। इस प्रकार स्थायी एवं अस्थायी विसर्जन कुंडों पर कुल 80 हजार से अधिक प्रतिमाएं विसर्जित की जा चुकी है।
महापौर मालती राय एवं निगम आयुक्त हरेन्द्र नारायन लगातार विसर्जन कुंडों/घाटों का निरीक्षण कर रहे है और व्यवस्थित व सुगम प्रतिमा विसर्जन कराने तथा विसर्जन उपरांत घाटों/कुंडों/जलाशयों की बेहतर ढंग से साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के संबंध में निर्देशित भी कर रहे है।
निगम ने शहर के 08 स्थाई विसर्जन घाटों एवं जोनस्तर पर 33 अस्थाई विसर्जन कुण्ड बनाए हैं। इन विसर्जन कुण्डों पर सुविधा एवं सुरक्षा के दृष्टिगत क्रेन, बोट्स, सभी आवश्यक संसाधनों से लैस गोताखोर व फायर ब्रिगेड का अमला तैनात किया है साथ ही विसर्जन घाटों एवं उनके पहुंच मार्गों पर बेहतर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश एवं पेयजल की व्यवस्था के साथ ही स्थाई विसर्जन कुण्डों/घाटों पर कंट्रोल रूम स्थापित किये गये हैं और जोन स्तर पर भगवान श्री गणेश की प्रतिमाओं के एकत्रीकरण एवं विसर्जन हेतु टेंट, टेबिल, कुर्सी, विसर्जन पात्र तथा पूजन सामग्री व अन्य प्रकार के अपशिष्टों को रखने हेतु पृथक-पृथक पात्र एवं 25 विशेष विसर्जन वाहन तथा जोन स्तर पर जोन में संलग्न 21 वाहनों को विसर्जन वाहन के रूप में उपयोग किया जा रहा है।
समाचार लिखे जाने तक प्रेमपुरा में लगभग 19700 छोटी एवं 1280 बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका है जबकि रानी कमलापति घाट पर लगभग 2853 छोटी एवं 624 बड़ी प्रतिमाओं, खटलापुरा में लगभग 11380 छोटी एवं 300 बड़ी प्रतिमाओं, शाहपुरा में लगभग 7680 छोटी एवं 479 बड़ी प्रतिमाओं, बैरागढ़ में लगभग 6607 छोटी एवं 179 बड़ी प्रतिमाओं, मालीखेड़ी में लगभग 5720 छोटी एवं 187 बड़ी प्रतिमाओं, हथाईखेड़ा में लगभग 9898 छोटी एवं 427 बड़ी प्रतिमाओं तथा समरधा में लगभग 525 छोटी एवं 135 बड़ी प्रतिमाओं का विसर्जन किया जा चुका है।
इसके अतिरिक्त जोन स्तर पर बनाये गये 33 विसर्जन कुण्डों में लगभग 11500 प्रतिमाओं का विसर्जन कराया जा चुका है। इस प्रकार स्थाई विसर्जन कुण्डों/घाटों व अस्थाई विसर्जन कुण्डों में वर्तमान तक लगभग 65 हजार छोटी एवं 3 हजार 500 बड़ी प्रतिमाओं सहित लगभग 80 हजार प्रतिमाओं को ससम्मान एवं विधि-विधान के साथ विसर्जित कराई गई।





