मध्य प्रदेश

Bhopal: पैदल मार्च में कांग्रेस ने उठाई महिला अधिकारों की आवाज

Admindelhi1
27 April 2026 10:41 AM IST
Bhopal: पैदल मार्च में कांग्रेस ने उठाई महिला अधिकारों की आवाज
x

भोपाल: मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने रविवार को महिला आरक्षण और कथित महिला विरोधी नीतियों के विरोध में राजधानी भोपाल में एक विशाल पैदल मार्च निकाला। यह मार्च प्लेटिनम प्लाज़ा से शुरू होकर टीनशेड, टॉप एंड टाउन, न्यू मार्केट होते हुए रोशनपुरा चौराहा तक पहुंचा। कांग्रेस नेताओं ने इस मार्च के जरिए भाजपा सरकार की नीतियों को महिलाओं के प्रति उपेक्षापूर्ण बताते हुए जनता के बीच मुद्दा उठाया।

मार्च में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, विधायक फूल सिंह बरैया, आरिफ मसूद और आतिफ अकील सहित कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारियों की भी उल्लेखनीय भागीदारी रही।

इस मौके पर जीतू पटवारी ने कहा कि भाजपा द्वारा बुलाए गए विशेष विधानसभा सत्र के संदर्भ में कांग्रेस अपनी स्पष्ट नीति रखती है और सरकार से महिला सशक्तिकरण की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग करती है। उन्होंने लोकसभा की सभी 543 सीटों पर तत्काल महिला आरक्षण लागू करने और मध्यप्रदेश विधानसभा में भी इस संबंध में प्रस्ताव पारित करने की मांग की।

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा और आरएसएस पर महिलाओं के मुद्दे पर राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक दल विधानसभा में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू करने के लिए अशासकीय संकल्प लाएगा। उन्होंने कहा कि यदि विशेष सत्र केवल औपचारिकता साबित हुआ, तो कांग्रेस सरकार की कथनी और करनी को उजागर करेगी।

महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बौरासी ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक भागीदारी में वास्तविक अवसर देने के लिए आरक्षण को बिना देरी लागू करना जरूरी है। वहीं, पूर्व विधायक सुनीता पटेल ने महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष की आवश्यकता पर जोर दिया।

कांग्रेस ने अपने बयान में कहा कि उसके शासनकाल में महिलाओं के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए, जिनमें पंचायत और नगरीय निकायों में आरक्षण शामिल है। पार्टी ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह महिला आरक्षण के मुद्दे पर सकारात्मक रुख नहीं अपना रही है।

Next Story