मध्य प्रदेश

Bhopal: सीएम डॉ. यादव आज लॉन्च करेंगे हेली पर्यटन सेवा

Admindelhi1
19 April 2026 11:34 AM IST
Bhopal: सीएम डॉ. यादव आज लॉन्च करेंगे हेली पर्यटन सेवा
x

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज रविवार को प्रदेश में पर्यटन और धार्मिक यात्राओं को सुगम, सुरक्षित और आनंददायक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए सुबह 10:45 बजे राजधानी के स्टेट हैंगर से पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा के अंतर्गत नए सेक्टर (भोपाल-चंदेरी-ओरछा) का विधिवत शुभारंभ करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी अनुराग उइके ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर हेलीकॉप्टर को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे और यात्रियों को बोर्डिंग पास भी प्रदान करेंगे।

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, यह नया सेक्टर भोपाल को भगवान श्रीराम की राजनगरी ओरछा और ऐतिहासिक विरासत के लिए प्रसिद्ध चंदेरी से जोड़ेगी। इससे श्रद्धालु श्रीरामराजा मंदिर में सुगमता से दर्शन के लिये पहुँच सकेंगे और चंदेरी की सांस्कृतिक विरासत व प्रसिद्ध हस्तशिल्प (चंदेरी साड़ी) का अनुभव ले सकेंगे।

एंड टू एंड सेवा का सप्ताह में 5 दिन होगा संचालन

उन्होंने बताया कि सेक्टर-2 अंतर्गत यह सेवा सप्ताह में 5 दिन (बुधवार, गुरुवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार) संचालित होगी। यात्रियों के लिए भोपाल से चंदेरी का किराया ₹5,500 और भोपाल से ओरछा का किराया 6,500 रुपये निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, 14,500 रुपये के विशेष पैकेज में टैक्सी, वीआईपी दर्शन और प्रसाद जैसी 'एंड-टू-एंड' सुविधाएं भी शामिल हैं। चंदेरी और ओरछा में पर्यटकों के लिए 3,500 रुपये में 'जॉय राइड' की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि

जनसम्पर्क अधिकारी के अनुसार, पीपीपी मॉडल पर संचालित इस सेवा में पर्यटकों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा गया है। यात्रा के लिए 6 सीटों वाले आधुनिक हेलीकॉप्टर का उपयोग किया जा रहा है। गंतव्य पर होटल, भोजन और स्थानीय भ्रमण के लिए गाइड की व्यवस्था भी पूर्व निर्धारित रहेगी। बुकिंग के लिए पर्यटक www.flyola.in और आईआरसीटीसी पोर्टल पर बुकिंग कर सकते हैं।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा मध्यप्रदेश स्थापना दिवस 1 नवंबर 2025 के अवसर पर पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा का शुभारंभ किया गया था। यह सेवा वर्तमान में आध्यात्मिक सेक्टर इंदौर, उज्जैन और ओंकारेश्वर के साथ वाइल्डलाइफ सेक्टर जबलपुर, कान्हा, बांधवगढ़, चित्रकूट और मैहर के बीच सफलतापूर्वक संचालित है। इस सेवा का अब तक 2 हजार 648 पर्यटकों और श्रद्धालुओं ने लाभ लिया है।

Next Story