मध्य प्रदेश

Bhopal: बीएसएनएल और डाक सेवाओं में बाधा, बाजार खुले

Admindelhi1
12 Feb 2026 11:23 AM IST
Bhopal: बीएसएनएल और डाक सेवाओं में बाधा, बाजार खुले
x

भोपाल: श्रमिक कानूनों के क्रियान्वयन समेत विभिन्न मांगों को लेकर केंद्रीय श्रमिक संगठनों ने आज गुरुवार को अखिल भारतीय हड़ताल का आह्वान किया है। इसका असर मध्य प्रदेश में भी व्यापक रूप से देखने को मिलेगा। खासकर बैंकिंग, बीमा, बीएसएनएल और डाक सेवाएं प्रभावित रहेंगी। हालांकि, रेल सेवाओं के सामान्य रूप से संचालित रहने की संभावना है।

ट्रेड यूनियनों के संयुक्त मोर्चे—आईएनटीयूसी, एआईटीयूसी, एचएमएस, सीटू, एआईयूटीयूसी, सेवा, बैंक-बीमा कर्मचारी संघ, केंद्रीय कर्मचारी संगठन और बीएसएनएल यूनियन—ने हड़ताल में भागीदारी की घोषणा की है। राजधानी भोपाल में होशंगाबाद रोड स्थित डाक भवन के सामने कर्मचारी एकत्र होकर हड़ताल के समर्थन में प्रदर्शन करेंगे। यहां रैली और सभा का आयोजन भी किया जाएगा।

6 हजार से अधिक बैंक शाखाओं पर असर

हड़ताल को ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन, ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन और बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन ऑफ इंडिया का समर्थन मिला है। इसके चलते मध्य प्रदेश की सरकारी और निजी बैंकों की 6 हजार से अधिक शाखाओं में कामकाज प्रभावित हो सकता है।क्लियरिंग स्टाफ की कमी के कारण लेनदेन और अन्य बैंकिंग सेवाएं बाधित रह सकती हैं। मध्य प्रदेश बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन के को-ऑर्डिनेटर वी.के. शर्मा के अनुसार, सरकारी और निजी दोनों बैंक हड़ताल से प्रभावित होंगे। हालांकि भारतीय स्टेट बैंक यूनियन ने हड़ताल का समर्थन किया है, लेकिन वह प्रत्यक्ष रूप से इसमें शामिल नहीं होगी।

बीमा, डाक और बीएसएनएल सेवाएं भी प्रभावित

भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के कर्मचारी भी हड़ताल में शामिल रहेंगे, जिससे बीमा क्षेत्र की सेवाओं पर असर पड़ेगा। बीएसएनएल और डाक विभाग में भी कामकाज प्रभावित होने की संभावना है।

क्या रहेगा सामान्य?

स्कूल और कॉलेज खुले रहेंगे

बाजार बंद को लेकर स्थानीय स्तर पर कोई आह्वान नहीं

रेल सेवाएं सामान्य रहने की संभावना

ट्रांसपोर्ट कारोबार पर आंशिक असर संभव, क्योंकि मध्य प्रदेश से देशभर में माल परिवहन होता है

Next Story