मध्य प्रदेश

Barwani: खेत में घायल मिली मादा तेंदुआ शावक, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

Tara Tandi
29 Feb 2024 11:20 AM GMT
Barwani: खेत में घायल मिली मादा तेंदुआ शावक, वन विभाग ने किया रेस्क्यू
x
बड़वानी : मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले के पानसेमल वन परिक्षेत्र में बुधवार देर शाम घायल अवस्था में एक तेंदुए की मादा शावक को देखा गया। वह एक किसान के खेत मे घायल अवस्था में थी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पानसेमल क्षेत्र के पशु चिकित्सक डॉक्टर इंदरसिंह दोहरे ने उसका प्राथमिक उपचार किया। आगे के उपचार हेतु उसे अब वन विभाग ने अपने कब्जे में ले लिया है और इंदौर रेफर कर दिया है।
वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मादा तेंदुआ शावक करीब दो से तीन वर्ष की बताई जा रही है। वह भड़गोन क्षेत्र निवासी प्रेम सिंह के खेत में घायल मिली है। इसी क्षेत्र में दो दिन पूर्व भी गेहूं के खेत में मादा तेंदुआ को देखने की बात भी ग्रामीणों ने बताई थी। इसके बाद से ही यहां इसे पकड़ने के लिए वन विभाग ने पिंजरा लगाया हुआ था। हालांकि, मादा तेंदुआ पिंजरे में कैद नहीं हो पाई और बुधवार को घायल अवस्था में वन विभाग को इसके दिखाई देने की सूचना प्राप्त हुई थी। तेंदुआ दिखने के बाद से ही ग्रामीण भयभीत थे। मादा तेंदुआ के घायल अवस्था में मिलने के बाद उन्होंने भी राहत की सांस ली है।
ग्रामीणों की मदद से वन विभाग ने किया रेस्क्यू
सूचना मिलने के बाद पानसेमल क्षेत्र के वन अधिकारियों सहित वन विभाग की टीम द्वारा मादा तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया है। इसके बाद वन विभाग के पानसेमल स्थित परिसर में मादा तेंदुए का उपचार करवाया गया। पानसेमल वन क्षेत्र के डिप्टी रेंजर कैलाश डावर ने बताया कि रेस्क्यू की गई मादा तेंदुए को उच्च अधिकारियों के मार्गदर्शन में आगे भिजवाया जाएगा। इसका रेस्क्यू करने में वन विभाग की रेस्क्यू टीम सहित यहां के क्षेत्रीय ग्रामीणों का भी सहयोग रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार तेंदुए को इंदौर रेफर किया गया है। वहां पर इसका आगे का उपचार किया जाएगा।
Next Story