मध्य प्रदेश

सेना के मेजर बी. विजय कुमार की कार में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच जारी

SHIDDHANT
12 Sept 2025 12:35 AM IST
सेना के मेजर बी. विजय कुमार की कार में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, जांच जारी
x
JABALPUR जबलपुर: कैंट थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह सेना के अधिकारी और मिलिट्री अस्पताल में डॉक्टर मेजर बी. विजय कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सुबह करीब 11 बजे उनकी कार सदर बाजार स्थित इंडियन कॉफी हाउस के बाहर खड़ी मिली। राहगीरों ने देखा कि कार की ड्राइवर सीट पर मेजर लगभग दो घंटे से बिना हिले-डुले बैठे थे। शक होने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और कार के नंबर से पहचान की कोशिश की। वाहन सेना का निकला और उसमें मौजूद व्यक्ति मेजर बी. विजय कुमार थे। पुलिस ने तुरंत सैन्य अधिकारियों को सूचित किया। सेना की टीम मौके पर पहुंची और मेजर को एंबुलेंस से मिलिट्री हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक प्रतीत होता है, लेकिन असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र पटले ने बताया कि मेजर मूल रूप से बेंगलुरु के निवासी थे और वर्तमान में जबलपुर मिलिट्री अस्पताल परिसर में सरकारी बंगले में रहते थे। वह बुधवार को निजी कार्य से सदर बाजार आए थे और इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि कार का दरवाजा खुला हुआ था और मेजर लंबे समय तक बैठे रहे, जिससे उन्हें शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और सेना के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही हैं ताकि घटना से जुड़े हालात स्पष्ट हो सकें।
बुधवार देर रात शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। गुरुवार सुबह परिवारजन बेंगलुरु से जबलपुर पहुंचे और आवश्यक प्रक्रियाओं के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मेजर बी. विजय कुमार के निधन से सैन्य समुदाय में शोक की लहर है। जांच अधिकारी बता रहे हैं कि फिलहाल मामला हार्ट अटैक का प्रतीत होता है, लेकिन सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का मानना है कि अचानक स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण उनकी मृत्यु हुई। मेजर बी. विजय कुमार सेना में डॉक्टर थे और उनकी मृत्यु से अस्पताल और सेना में शोक का माहौल है।
Next Story