मध्य प्रदेश

खराब मौसम की वजह से टला अमित शाह का बालाघाट दौरा

Rani Sahu
22 Jun 2023 5:00 PM GMT
खराब मौसम की वजह से टला अमित शाह का बालाघाट दौरा
x
मध्यप्रदेश : केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का बालाघाट दौरा खराब मौसम की वजह से रद्द कर दिया गया है। गृहमंत्री शाह के हेलिकॉप्टर को बीच रास्ते से ही रायपुर लौटना पड़ा। जनसभा को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने संबोधित किया। शाह का यह दौरा महत्वपूर्ण था क्योंकि इसे मध्य प्रदेश में इसी साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए आदिवासी वोटर्स को लुभाने की भाजपा की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा था। अमित शाह को वीरांगना रानी दुर्गावती के चरणों में श्रद्धा-सुमन अर्पित करने के बाद गौरव यात्रा का शुभारंभ करना था, जिसका समापन 27 जून को शहडोल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे।
27 को शहडोल पहुंचेगी पांच यात्रा
गुरुवार को बालाघाट के अलावा छिंदवाड़ा, सिंगरामपुर, जबेरा, कलिंजर फोर्ट ;उत्तरप्रदेश और कुसमी से भी गौरव यात्रा शुरू हो गई। ये यात्राएं 27 जून को शहडोल पहुंचेगी। जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में यात्रा का समापन होगा। यहां पीएम सिकल सेल एनीमिया के कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भोपाल में दो वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी दिखाएंगे।
आदिवासी वर्ग में मजबूत पकड़ बनाना लक्ष्य
अमित शाह और मोदी के मध्य प्रदेश दौरे को आदिवासी वर्ग के लिए भाजपा के संदेश के तौर पर देखा जा रहा था कि उनका भला सिर्फ भाजपा ही कर सकती है। दरअसल, 2018 के चुनाव में आदिवासी वोटर भाजपा से छिटक गए थे। प्रदेश की 230 सीटों में से 47 सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। इनमें कांग्रेस को 31 और भाजपा को 16 सीटें मिली थी। भाजपा की सरकार जाने के पीछे भी यही वजह बताई गई थी। इसे ध्यान में रखते हुए भाजपा ने इस वर्ग पर फोकस बढ़ा दिया है।
प्रदेश में अलग-अलग जनजातियों की 22 फीसदी आबादी
प्रदेश में जनजातियों की कुल आबादी करीब 22 प्रतिशत है। इसमें सबसे ज्यादा भील-भिलाला 60 लाख, गोंड 51 लाख, सहरिया 47 लाख और कोरकू और अन्य 12 लाख हैं। इसमें से दूसरी सबसे बड़ी जनजाति गोंड अधिकतर नर्मदा नदी के किनारे निवासरत है। इसके अलावा बैगा और कोरकू भी इस तरफ ज्यादा है। शहडोल, मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा, बैतूल, नर्मदापुरम में इनकी संख्या ज्यादा है।
Next Story