- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- Alirajpur: महिला ने...
Alirajpur: महिला ने बेटियों संग जहर पिया, तीनों की मौत

आलीराजपुर: मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले में आम्बुआ थाना क्षेत्र के ग्राम माफीदार फलिया में शुक्रवार शाम एक महिला ने अपनी तीन मासूम बेटियों को कीटनाशक पिलाने के बाद खुद भी जहर निगल लिया। तीनों बच्चियों सावित्री (7), कार्तिका (5) और दिव्या (3) की मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम माफीदार फलिया निवासी नूरीबाई ने अपनी तीनों बेटियों को कीटनाशक पिलाकर खुद भी जहर पी लिया। परिजन सभी को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां एक बच्ची को मृत घोषित कर दिया गया। दो अन्य को हालत बिगड़ने पर गुजरात के दाहोद रेफर किया गया, लेकिन उन्होंने रास्ते में दम तोड़ दिया। मां नूरीबाई की हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक रघुवंश सिंह आम्बुआ थाना प्रभारी मोहन डावर के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृतक बच्चियों के पिता के गुजरात में होने, पति-पत्नी के संबंध, किसी हालिया विवाद और दूसरी शादी जैसी संभावनाओं को लेकर परिजन से पूछताछ की। परिजनों ने बताया कि मुकेश और नूरीबाई की शादी 2016 में हुई थी। मुकेश करीब एक महीने पहले मजदूरी के लिए गुजरात गया था, जहां खेत किराए पर लिया हुआ है।
पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचे हैं।





