मध्य प्रदेश

कौवों के बाद अब मुर्गियों और बगुलों में भी मिला बर्ड फ्लू, इन जिलों में मुर्गी बाजार बंद करने के निर्देश जारी

Gulabi
7 Jan 2021 4:10 PM GMT
कौवों के बाद अब मुर्गियों और बगुलों में भी मिला बर्ड फ्लू, इन जिलों में मुर्गी बाजार बंद करने के निर्देश जारी
x
मध्य प्रदेश में बर्ड फ्लू कौवों के बाद अब मुर्गी और बगुलों में भी पहुंच गया है।

जनता से रिश्ता वेबडेस्क। मध्य प्रदेश में बर्ड फ्लू कौवों के बाद अब मुर्गी और बगुलों में भी पहुंच गया है। इंदौर और नीमच के मुर्गी बाजार से लिए गए नमूनों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। इसके बाद पशुपालन विभाग ने कलेक्टरों को संबंधित क्षेत्र के मुर्गी बाजार को सात दिन तक बंद करने के निर्देश दिए हैं। वहीं, नौ किमी के दायरे में निगरानी रखी जाएगी। मध्य प्रदेश में अब तक आठ जिलों में बर्ड फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। इंदौर, मंदसौर और आगर-मालवा में कुछ दिन पहले इसकी पुष्टि हुई थी। नीमच, खंडवा, देवास, खरगोन और गुना जिले से लिए गए सैंपल में बर्ड फ्लू की पुष्टि गुरवार को हुई। 12 जिलों के सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है। वहीं, विदिशा जिले में 34 पक्षियों की मौत हुई है। इनमें कौवों के अलावा कबूतर और मोर भी शामिल हैं।


नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। पशुपालन विभाग के अपर मुख्य सचिव जेएन कंसोटिया ने बताया कि इंदौर (डेली कॉलेज क्षेत्र) और नीमच के मुर्गी बाजार से जो नमूने लिए गए थे, उनमें से एक-एक की प्रारंभिक जांच में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। इस स्थिति को देखते हुए केंद्र सरकार के दिशा निर्देशों के तहत जिले के चिह्नित स्थान से एक किमी की परिधि में मुर्गी बाजार सात दिन के लिए बंद रखे जाएंगे। नीमच और इंदौर कलेक्टर को निर्देश दिए गए हैं कि पोल्ट्री फार्म, जलाशयों के आसपास से पोल्ट्री एवं प्रवासी पक्षियों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएं। सभी मुर्गी बाजार और पोल्ट्री फार्म में सैनिटाइजेशन सहित अन्य सावधानियां भी बरती जाएं।

मुर्गियों, कौवों और प्रवासी पक्षियों में असामान्य मृत्यु, बीमारी की सूचना मिलने पर सैंपल एकत्रीकरण, डिस्पोजल के साथ सैनिटाइजेशन की कार्रवाई की जाए।संचालक डॉ. आरके रोकड़े ने बताया कि खरगोन, गुना और देवास में कौवों के नमूने में बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है। खंडवा के चार-पांच बगुलों में भी बर्ड फ्लू मिला है। पोल्ट्री फार्मो की जांच में अभी तक बर्ड फ्लू जैसी स्थिति नहीं मिली है। राजस्थान के रास्ते हरियाणा से आई थीं मुर्गियां विभागीय अधिकारियों ने बताया कि नीमच में जांच के दौरान पता चला है कि राजस्थान के रास्ते हरियाणा से मुर्गियां लाई गई थीं। इनमें से ही लिए गए नमूने में बर्ड फ्लू मिला है। यही बात इंदौर से भी निकलकर सामने आ रही है। कंसोटिया का कहना है कि इस मामले में पूरा परीक्षण कराया जा रहा है।


Next Story