मध्य प्रदेश

मासूम बेटों को जहर खिलाने के बाद पिता ने खुद भी खाया, एक की मौत

Admin4
7 Sept 2023 12:40 PM IST
मासूम बेटों को जहर खिलाने के बाद पिता ने खुद भी खाया, एक की मौत
x
इंदौर। मध्यप्रदेश के इंदौर में पिता खुद हैवान बन गया। उसने अपने दो मासूम बेटों को जहर खिला दिया। इसके बाद उसने खुद भी जहर का सेवन कर लिया। परिजनों को जानकारी होने पर तीनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इस घटना में जहां एक मासूम की मौत हो गई तो वहीं दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। इसके साथ ही पिता भी गंभीर है। जिनका उपचार चिकित्सकों द्वारा किया जा रहा है।
दो मासूम बेटों को जहर खिलाने की यह घटना इंदौर के समीप स्थित मानपुर के जुलवानिया गांव की बताई गई है। इस संबंध में मानपुर थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि यहां रहने वाले मनोहर का उसकी पत्नी ललिता के साथ विवाद चल रहा था। ललिता अपने पति से बहुत परेशान थी। उसका पति अक्सर शराब पीकर आता था, इसके बाद गाली गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट भी किया करता था। अपने पति से लगातार झगड़ा होने के कारण ललिता अपने मायके चली गई थी। जिसके बाद मनोहर नालछा अपनी पत्नी के पास जाकर बार-बार बच्चों के साथ वापस आने का दबाव बनाता था। ऐसे में ललिता बच्चों को मनोहर के पास छोड़कर चली गई।
बताया गया है कि मनोहर अपने दोनों बच्चों को साथ लेकर पत्नी को बुलाने के लिए मंगलवार को गया भी था। किन्तु ललिता ने उसके साथ चलने से मना कर दिया। जिसके बाद मनोहर ने यह भी कहा था कि यदि वह वापस नहीं चलेगी तो वह दोनों बच्चों को जहर खिलाकर खुद भी खा लेगा। जब ललिता उसके साथ नहीं आई तो मनोहर अपने घर पहुंचा और दोनों मासूमों को जहर खिला दिया। इसके बाद उसने खुद भी जहर खा लिया।
मिली जानकारी के अनुसार परिजनों को घटना की जानकारी होने के बाद दोनों बच्चों को जिला अस्पताल उपचार के लिए ले गए। किंतु वहां से उनको इंदौर के सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां पर बड़े बेटे 4 वर्षीय चिराग की मौत हो गई। जबकि छोटे बेटे 2 वर्षीय लक्ष्य की हालत गंभीर बनी हुई है। इसके साथ ही मनोहर की भी हालत गंभीर बताई गई है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
Next Story