- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- सड़क चौड़ीकरण के लिए...
सड़क चौड़ीकरण के लिए दरगाह पर कार्रवाई, भारी पुलिस बल रहा तैनात

खंडवा: मानसिंगका आईमिल चौराहे पर दरगाह हटाने की कार्रवाई मंगलवार सुबह विरोध के कारण रोकनी पड़ी, लेकिन देर शाम प्रशासन ने दोबारा काम शुरू कर दिया। रात करीब आठ बजे भारी पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से दरगाह का ढांचा हटाया गया। प्रशासन ने कार्रवाई को शहर के मास्टर प्लान के तहत प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण से जुड़ा बताया है।
सुबह कार्रवाई शुरू होने पर मुस्लिम समाज के बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। इस दौरान लोगों ने मजार को घेरकर वापस उसी स्थान पर रख दिया। इसके बाद प्रशासन और मुस्लिम पक्ष के बीच बातचीत हुई। देर शाम भीड़ कम होने पर दोबारा कार्रवाई की गई।
करीब दस मिनट में ढांचा हटाने के बाद नगर निगम के वाहनों से मलबा उठाया गया और यातायात सुचारू कराया गया। एहतियात के तौर पर मौके पर पुलिस बल की तैनाती जारी रही। प्रशासन के अनुसार, फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर ने बताया कि संबंधित मार्ग का चौड़ीकरण प्रस्तावित है। उनके अनुसार, दरगाह का करीब आठ से दस फीट हिस्सा सड़क की सीमा में आ रहा था। पास स्थित मिल की ऊंची दीवार भी हटाई जानी थी। दीवार गिराने के दौरान मलबे से दरगाह को नुकसान पहुंचने की आशंका के चलते पहले दरगाह हटाने की कार्रवाई की गई।
उन्होंने कहा कि नगर निगम की जेसीबी से काम शुरू कराया गया था, लेकिन विरोध के कारण कार्रवाई रोकनी पड़ी। बातचीत के बाद देर शाम इसे फिर शुरू किया गया।
इससे पहले मौके पर पहुंचे शहरकाजी सैयद निसार अली ने हजरत कासमशाह वली की दरगाह को पुराना धार्मिक स्थल बताते हुए कार्रवाई पर आपत्ति जताई। उन्होंने सड़क चौड़ीकरण की पूरी योजना सार्वजनिक करने और चिह्नित अतिक्रमण की सीमा स्पष्ट करने की मांग की।
शहरकाजी ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील भी की। उनका दावा था कि सिटी मजिस्ट्रेट से चर्चा में दरगाह को यथावत रखने और वहां टीनशेड लगाने पर सहमति बनी थी। हालांकि, रात में प्रशासन ने ढांचा हटा दिया।
दूसरी ओर, हिंदू पक्ष के नेताओं ने पुलिस अधीक्षक से मिलकर शहरकाजी के खिलाफ नामजद शिकायत दी। शिकायत में मंदिरों को लेकर टिप्पणी करने और सिटी मजिस्ट्रेट को धमकाने का आरोप लगाया गया है। नेताओं ने कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसा नहीं होने पर वे प्रदर्शन करेंगे।
दिनभर के घटनाक्रम के दौरान कई थानों का पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। रात की कार्रवाई पुलिस अधिकारियों की निगरानी में पूरी की गई।





