- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- विवादित जमीन पर बने 62...
विवादित जमीन पर बने 62 मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू

इंदौर: करीब 23 वर्षों से चले आ रहे जमीन विवाद के बीच सोमवार सुबह इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी। एमआर-10 स्थित कॉलोनी में नगर निगम की टीम भारी पुलिस बल के साथ बुलडोजर लेकर पहुंची। विवादित जमीन पर बने 62 मकानों को हटाने की प्रक्रिया शुरू होते ही पूरे इलाके में हलचल मच गई।
सोमवार सुबह करीब सात बजे नगर निगम, जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम कृष्णबाग कॉलोनी पहुंची। बेदखली के आदेशों के आधार पर मकानों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।
पूरा मामला ग्राम खजराना स्थित सर्वे नंबर 66/2(क) की 0.720 हेक्टेयर जमीन से जुड़ा हुआ है। इस जमीन पर बने मकानों को लेकर वर्ष 2003 से श्रीराम बिल्डर्स और स्थानीय रहवासियों के बीच विवाद चल रहा है। जमीन के मालिकाना हक और कब्जे से संबंधित यह विवाद तहसीलदार से लेकर हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है।
लंबी कानूनी प्रक्रिया के बाद 62 रहवासियों के खिलाफ बेदखली के आदेश अंतिम हो चुके हैं। इन्हीं आदेशों के आधार पर जिला प्रशासन और नगर निगम ने संयुक्त कार्रवाई शुरू की है।
हालांकि, इस मामले में 19 रहवासियों को हाईकोर्ट से अंतरिम राहत मिली है। शुक्रवार को हाईकोर्ट की डबल बेंच ने जगदीश कुमावत सहित 19 रहवासियों को फिलहाल बेदखल नहीं करने के निर्देश दिए थे। न्यायालय के आदेश के चलते इन रहवासियों के मकानों को वर्तमान कार्रवाई से अलग रखा गया है।
कृष्णबाग कॉलोनी में मकानों को हटाने की कार्रवाई इससे पहले भी प्रस्तावित थी। प्रशासन ने 16 और 17 नवंबर को कार्रवाई करने की तैयारी की थी, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध नहीं होने के कारण इसे स्थगित करना पड़ा था। इसके बाद 18 और 19 नवंबर को भी कार्रवाई नहीं हो सकी।
अब पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित होने के बाद सोमवार सुबह प्रशासन ने बेदखली की प्रक्रिया शुरू कर दी। नगर निगम की टीम बुलडोजर के साथ मौके पर मौजूद है। न्यायालय से अंतरिम राहत प्राप्त 19 मकानों को छोड़कर शेष 62 मकानों को हटाने की कार्रवाई की जा रही है।





