- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- ओवरब्रिज के नीचे मिली...
ओवरब्रिज के नीचे मिली महिला की लाश, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

सागर: रेलवे ओवरब्रिज के नीचे मंगलवार को मिले एक महिला के शव की पहचान और उसकी मौत की परिस्थितियां सागर पुलिस के लिए जांच का विषय बन गई हैं। करीब 40 से 45 वर्ष उम्र की महिला के सिर, चेहरे और गले पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। कैंट थाना क्षेत्र की इस घटना में पुलिस शुरुआती तौर पर हत्या की आशंका जता रही है।
महिला का लहूलुहान शव सबसे पहले वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने देखा। उसकी सूचना पर कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित किया। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।
घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एफएसएल टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया गया। विशेषज्ञों ने मौके का निरीक्षण किया और जांच के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए।
पुलिस के सामने फिलहाल महिला की पहचान करना भी चुनौती है। इसके लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की पड़ताल की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि महिला अक्सर रेलवे स्टेशन के आसपास दिखाई देती थी और कथित तौर पर भिक्षावृत्ति से जीवनयापन करती थी। हालांकि, पुलिस ने इस जानकारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि महिला के शरीर पर मिले चोटों के निशान और शुरुआती परिस्थितियां हत्या की ओर संकेत कर रही हैं। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। सुराग जुटाने के लिए घटनास्थल के आसपास और प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी जा रही है।
महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।





