- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- अनूपपुर में तीन साल की...
अनूपपुर में तीन साल की बच्ची की मौत, हत्या के आरोप में पिता गिरफ्तार

अनूपपुर: जैतहरी थाना क्षेत्र के गौरेला गांव स्थित गोंड टोला में तीन साल की बच्ची की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पिता मोहित सिंह गोंड को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने बच्ची को कीटनाशक दिया था। पूछताछ के बाद गुरुवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
जैतहरी थाना प्रभारी गोकुलानंद पाण्डेय ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने घटना से संबंधित कीटनाशक भरी सिरिंज भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, जांच और पूछताछ में पारिवारिक नाराजगी की बात सामने आई है। मोहित की पत्नी सुशीला दीपावली से पहले मायके आई थी, जबकि वह चाहता था कि पत्नी दीपावली पर ससुराल में रहे। पुलिस का कहना है कि मोहित अपने ससुर द्वारा काम करने के लिए कहे जाने और ताने दिए जाने से भी नाराज था।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने पत्नी के मायके में घर-जमाई बनकर रहने की बात कही। आरोप है कि घटना के दिन उसने अपनी तीन साल की बेटी को कीटनाशक दे दिया, जिसके बाद बच्ची बेहोश हो गई।
परिजन बच्ची को जैतहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला चिकित्सालय अनूपपुर रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि प्रकरण दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद आरोपी भी विषाक्त पदार्थ के सेवन से गंभीर रूप से बीमार हो गया था। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के दौरान परिजनों ने उसे बचाने का प्रयास भी किया था।





