- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- गांधीनगर में पाइपलाइन...

इंदौर: एक तरफ नगर निगम जलसंकट की आशंका के चलते नागरिकों को पानी बचाने की नसीहत दे रहा है, तो दूसरी तरफ निगम की अपनी पाइपलाइन से हजारों लीटर पानी बर्बाद हो रहा है। सोमवार सुबह गांधीनगर क्षेत्र में नर्मदा की पाइपलाइन अचानक फूट गई। तेज दबाव के साथ निकला पानी सड़कों पर फैल गया, जिससे इलाके में जलभराव की स्थिति बन गई।
मामला नगर निगम के वार्ड क्रमांक 15 का है। गांधीनगर क्षेत्र में करीब एक वर्ष पहले नर्मदा की नई पाइपलाइन बिछाई गई थी। सोमवार सुबह पाइपलाइन में अचानक दबाव बढ़ने के कारण वह फूट गई। इसके बाद बड़ी मात्रा में पानी सड़क पर बहने लगा।
स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक, संबंधित पाइपलाइन में पहले भी लीकेज की समस्या सामने आ चुकी है। उस दौरान नगर निगम की ओर से मरम्मत कराई गई थी। अब दोबारा पाइपलाइन फूटने की घटना ने निर्माण की गुणवत्ता और रखरखाव व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
नगर निगम द्वारा जलसंकट की आशंका को देखते हुए लगातार पानी के संरक्षण की अपील की जा रही है। पानी की बर्बादी करने वालों के खिलाफ चालानी कार्रवाई भी की जा रही है। ऐसे में निगम की पाइपलाइन से ही बड़ी मात्रा में पानी बहने का मामला सामने आया है।
पाइपलाइन फूटने की सूचना मिलते ही नगर निगम के अधिकारी और संबंधित कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पानी की बर्बादी रोकने के लिए क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का काम शुरू कराया गया। अधिकारियों की निगरानी में लीकेज दुरुस्त करने की कार्रवाई की गई।





