मध्य प्रदेश

सतना में 100 एकड़ भूमि पर बनेगा नया इंडस्ट्रियल पार्क: सीएम मोहन यादव

SHIDDHANT
27 Dec 2025 11:54 PM IST
सतना में 100 एकड़ भूमि पर बनेगा नया इंडस्ट्रियल पार्क: सीएम मोहन यादव
x
Satna सतना। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ऐलान किया है कि सतना जिले में औद्योगिक विकास के लिए 100 एकड़ भूमि पर नया इंडस्ट्रियल पार्क बनाया जाएगा। सतना के विंध्य व्यापार मेले को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अंतरिक्ष, उद्योग, रक्षा सहित सभी क्षेत्रों में विश्व में अपनी उपलब्धियों का परचम लहरा रहा है। राज्य सरकार भी प्रदेश में उद्योग-व्यापार को बढ़ावा देने के लिए दृढ़ संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मध्य प्रदेश में क्षेत्रीय स्तर पर इंडस्ट्री कॉन्क्लेव करने के निर्णय की सराहना की है। इन्हें अब जिला स्तर पर भी आयोजित किया जाएगा। पहले कटनी में माइनिंग सेक्टर पर केंद्रित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव हुई, अब सतना में एमएसएमई सेक्टर पर आधारित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सतना में औद्योगिक विकास के लिए 100 एकड़ भूमि पर नया इंडस्ट्रियल पार्क बनाया जाएगा। साथ ही विंध्य व्यापार मेले के आयोजन के लिए विंध्य चैंबर ऑफ कॉमर्स को 8 एकड़ भूमि देने एवं सतना में व्यापारिक गतिविधियों और सांस्कृतिक सम्मेलनों के आयोजन के लिए पीपीपी मोड पर गीता भवन बनाए जाने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि राज्य सरकार ने दो वर्षों के कार्यकाल में विंध्य क्षेत्र में एयर कनेक्टिविटी बढ़ाई है। सतना विमानतल की एयरस्ट्रिप को बढ़ाकर 1800 मीटर तक किया जा रहा है, जिससे यहां बड़े जेट विमान भी लैंड कर पाएंगे। चित्रकूट धाम और शारदा माता मंदिर के कारण सतना क्षेत्र धार्मिक पर्यटन के लिए भी अहम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए हेली सेवा शुरू की है। मुश्किल समय में सहायता के लिए पीएम श्री एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। नए साल में प्रदेशवासियों को सरकारी बस सेवा की सौगात भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने सड़क हादसों में घायलों की मदद के लिए राहवीर योजना की शुरुआत की है। घायलों को अस्पताल पहुंचाकर सहायता करने वालों को सरकार 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दे रही है।
Next Story