- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- विदिशा में नाबालिग से...
विदिशा में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

भोपाल: मध्य प्रदेश के विदिशा में 16 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। जांच की जिम्मेदारी एसडीओपी शिखा भलावी को सौंपी गई है। घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (एफएसएल) की टीम ने भी निरीक्षण किया है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, 15 नवंबर को कोतवाली पुलिस को एक नाबालिग बालिका के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली थी। जानकारी मिलते ही पुलिस और बाल कल्याण समिति की टीम सक्रिय हुई। पीड़िता की सुरक्षा, उपचार और मानसिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए उसकी काउंसलिंग कराई गई। इसके बाद मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस के मुताबिक, किशोरी ने अपने बयान में आरोप लगाया है कि मुखर्जी नगर स्थित मेडिकल कॉलेज के एक छात्र के फ्लैट में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि घटना से पहले उसे बीयर पिलाई गई थी। तबीयत बिगड़ने और रक्तस्राव होने पर उसे अस्पताल पहुंचाया गया था। अस्पताल में छोड़कर गए दो युवकों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि किशोरी और आरोपी के बीच करीब तीन महीने पहले सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क हुआ था। आरोपी की पहचान विदिशा निवासी विशाल किरार के रूप में हुई है, जो एक कॉलेज में बीएससी की पढ़ाई कर रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो अधिनियम की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
विदिशा के पुलिस अधीक्षक रोहित काशवानी ने बताया कि पीड़िता के बयान दर्ज करने के साथ उनकी वीडियोग्राफी भी कराई गई है। प्रथम दृष्टया दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। मामले की हर पहलू से जांच करने के लिए एसआईटी बनाई गई है।
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियंक कानूनगो ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए थे। इसके बाद मामले में पुलिस की कार्रवाई और तेज हुई।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। एफएसएल टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्यों का परीक्षण किया जाएगा। पुलिस घटना के समय फ्लैट में मौजूद अन्य लोगों की भूमिका और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जांच एजेंसियों ने पीड़िता की पहचान और निजता सुरक्षित रखने को प्राथमिकता दी है।





