- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- धनपुरी स्वास्थ्य...
धनपुरी स्वास्थ्य केंद्र में अधेड़ की मौत, कारण स्पष्ट नहीं

शहडोल: सोमवार को पेट दर्द की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंचने वाले नाटे उर्फ जफरुद्दीन का शव मंगलवार सुबह उसी अस्पताल के बाथरूम में मिला। मामला शहडोल जिले के धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है। इलाज के बीच अस्पताल छोड़कर जाने और देर रात वापस लौटने के बाद उसके साथ क्या हुआ, इसकी जांच पुलिस कर रही है। मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
धनपुरी निवासी जफरुद्दीन छत्तीसगढ़ के कोरबा स्थित एक होटल में काम करता था। जानकारी के अनुसार, सोमवार को अस्पताल पहुंचने पर उसका उपचार शुरू किया गया था। हालांकि, इलाज के दौरान ही वह वहां से चला गया। देर रात वह फिर अस्पताल परिसर पहुंचा और वहां सोने लगा।
बताया जा रहा है कि ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों ने उसे परिसर से जाने के लिए कहा था। इसके बाद वह कहां गया और बाथरूम तक कब पहुंचा, यह स्पष्ट नहीं हो सका है। मंगलवार सुबह बाथरूम में उसका शव मिलने पर अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी। ड्यूटी डॉक्टर ने जांच कर उसे मृत पाया।
धनपुरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ डॉ. अभिषेक मिश्रा ने बताया कि जफरुद्दीन पेट दर्द की शिकायत लेकर आया था। उपचार के दौरान जाने के बाद वह दोबारा अस्पताल पहुंचा था। सुबह उसका शव बाथरूम में मिला।
डॉ. मिश्रा के अनुसार, मौत की वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी। पुलिस यह जांच कर रही है कि जफरुद्दीन की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई।





