मध्य प्रदेश

नरसिंहपुर में बड़ा हादसा टला, चलती कार में लगी आग

Admindelhi1
7 Nov 2026 5:00 PM IST
नरसिंहपुर में बड़ा हादसा टला, चलती कार में लगी आग
x
हाईवे पर आग की लपटों में घिरी कार, पांच लोगों की बची जान

नरसिंहपुर: मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले में भोपाल-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-45 पर शनिवार तड़के करीब तीन बजे चलती कार में अचानक आग लग गई। आशीर्वाद होटल के पास हुए इस हादसे में कार सवार पांच लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली, हालांकि, आग इतनी तेजी से फैली कि पूरी कार जलकर खाक हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भोपाल से जबलपुर की ओर जा रही कार जैसे ही आशीर्वाद होटल के पास पहुंची, उसके बोनट से अचानक धुआं निकलने लगा। स्थिति भांपते हुए चालक ने तत्काल कार को सड़क किनारे रोका और उसमें सवार सभी पांच लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

कार से उतरते ही आग ने पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते कार धू-धूकर जलने लगी और कुछ ही देर में पूरी तरह जलकर खाक हो गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह कार की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होना बताया जा रहा है। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Next Story