- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- फिल्म 'पेट पालकी' को...
मध्य प्रदेश
फिल्म 'पेट पालकी' को लेकर कलाकार और प्रोड्यूसर में विवाद, समझौते के बाद भी नहीं हो सकी शूटिंग
SHIDDHANT
28 Jun 2026 8:29 PM IST

x
Maiher मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर में फिल्म 'पेट पालकी' के कलाकार Satendra Soni द्वारा पारिश्रमिक नहीं मिलने के आरोपों के बीच पुलिस का बयान सामने आया है। मामले को लेकर थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी ने बताया कि कलाकार और स्थानीय फिल्म निर्माताओं के बीच विवाद हुआ था, लेकिन बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता भी हो गया था।
थाना प्रभारी के अनुसार, मुंबई निवासी अभिनेता सतेंद्र सोनी फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में मैहर आए हुए थे। यहां उनका संपर्क फिल्म से जुड़े एक स्थानीय डायरेक्टर और प्रोडक्शन टीम से हुआ था। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया, जिसके बाद मामला थाने तक पहुंचा।
अनिमेष द्विवेदी ने बताया कि विवाद के बाद दोनों पक्ष रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचे थे। पुलिस की मौजूदगी में बातचीत हुई और बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी राजीनामा हो गया। समझौते के बाद किसी भी पक्ष ने तत्काल कोई औपचारिक शिकायत आगे नहीं बढ़ाई।
पुलिस के मुताबिक, समझौते के बाद भी संबंधित लोग मैहर में ही रुके रहे, लेकिन किसी कारणवश फिल्म की शूटिंग शुरू नहीं हो सकी। फिलहाल मामले को लेकर पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है। यदि किसी पक्ष की ओर से नई शिकायत या आवेदन दिया जाता है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि अभिनेता सतेंद्र सोनी ने फिल्म 'पेट पालकी' के प्रोड्यूसर पर पारिश्रमिक का भुगतान नहीं करने का आरोप लगाया था। इस मामले ने स्थानीय फिल्म जगत और सोशल मीडिया पर भी चर्चा बटोरी है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि विवाद के समय दोनों पक्षों के बीच समझौता हो चुका था और आगे की कार्रवाई शिकायत मिलने पर की जाएगी।
Next Story





