मध्य प्रदेश

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 570 सरंपच निर्विरोध निर्वाचित, रामरानी सबसे बुजुर्ग सरपंच बनीं

Nilmani Pal
12 Jun 2022 8:31 AM GMT
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 570 सरंपच निर्विरोध निर्वाचित, रामरानी सबसे बुजुर्ग सरपंच बनीं
x
पढ़े पूरी खबर

मध्य प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में 570 सरंपच निर्विरोध निर्वाचित हो गए है। इनमें 380 महिलाएं और 190 पुरुष है। सागर की 79 वर्षीय बुजुर्ग रामरानी सबसे अधिक उम्र की सरपंच बनी हैं। भोपाल, सागर और नर्मदापुरम में तीन महिला सरपंच सिर्फ 21 वर्ष में निर्विरोध चुनी गई हैं।

मध्य प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में शुक्रवार को नाम वापसी का अंतिम दिन था। इसके साथ ही कई जगह से चुनावी शोर और दांव-पेच के बगैर निर्विरोध चुनाव होने की सुखद खबर आई है। राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार 48 जिलों में 570 सरपंच निर्विरोध चुने गए। इनमें 380 महिलाएं हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जनता से समरस पंचायत यानी निर्विरोध चुनाव की अपील की थी। इसके लिए सरकार की तरफ से पुरस्कार का ऐलान भी किया गया था। महिलाओं को चुनने पर पंचायत को 15 लाख रुपये देने की घोषणा की है।
श्योपुर से 2, मुरैना से 6, भिंड से 7, ग्वालियर से 7, दतिया से 2, शिवपुरी से 16, गुना से 9, अशोक नगर से 9, सागर से 46, छतरपुर से 1, दमोह से 7, पन्ना से 6, सतना से 2, रीवा से 3, सीधी से 2, सिंगरौली से 2, शहडोल से 4, अनूपपुर से 1, उमरिया से 2, कटनी से 5, जबलपुर से 34, डिण्डोरी से 2, बालाघाट से 9, सिवनी से 34, नरसिंहपुर से 20, छिंदवाड़ा से 30, बैतूल से 4, हरदा से 35, नर्मदापुरम से 51, रायसेन से 37, विदिशा से 17, भोपाल से 1, सीहोर से 33, राजगढ़ से 3, आगर मालवा से 4, शाजापुर से 7, देवास से 19, खंडवा से 10, बुरहानपुर से 5, खरगोन से 5, बड़वानी से 4, अलीराजपुर से 5, झाबुआ से 2, धार से 20, इंदौर से 14, रतलाम से 12, मंदसौर से 5, नीमच से 8 निर्विरोध सरपंच निर्वाचित हुए है।
सागर जिले के रहली जनपद पंचायत की वाछलोन ग्राम पंचायत की अनुसूचित जाति की 79 वर्षीय रामरानी सबसे बुजुर्ग सरपंच बनी हैं। सागर जिले के केसली जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत देवरी नाहरमऊ से अनुसूचित जनजाति वर्ग की 21 वर्षीय जानकी गौंड निर्विरोध चुनी गई हैं। भोपाल की फंदा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत आदमपुर से अन्य पिछड़ा वर्ग की 21 वर्षीय महिला कृष्णा रावत भी निर्विरोध चुनी गई हैं। नर्मदापुरम जिले की बनखेड़ी जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत उमरधा से अनुसूचित जनजाति की 21 वर्षीय कुमारी जागृति सिंह जूदेव निर्विरोध चुनी गई हैं।
Next Story