मध्य प्रदेश

गली में निकला 10 फीट का मगरमच्छ, फिर मचा हड़कंप

Ritisha Jaiswal
14 Aug 2022 4:15 PM IST
गली में निकला 10 फीट का मगरमच्छ, फिर मचा हड़कंप
x
मध्य प्रदेश के शिवपुरी में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब जलभराव होने की वजह से कई जगह विशाल मगरमच्छ गलियों में निकल आए.

मध्य प्रदेश के शिवपुरी में रविवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब जलभराव होने की वजह से कई जगह विशाल मगरमच्छ गलियों में निकल आए. एक मगरमच्छ तो करीब 10 फीट का था. इन्हें देखते ही लोगों के होश उड़ गए. लोगों ने आनन-फानन में गलियां खाली कीं और घरों के अंदर चले गए. लोगों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ वन विभाग को इसकी सूचना दे दी है. विभाग के कर्मचारी तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद मगरमच्छ को काबू किया. विभाग के अधिकारियों ने कुछ देर बाद उसे नदी में छोड़ दिया. इस बीच मगरमच्छ का वीडियो रहवासियों ने सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. उसके बाद यह वायरल हो गया है.

जिस दस फीट के मगरमच्छ का वीडियो वायरल हुआ है वह रविवार सुबह बस स्टैंड के पास, मंगल मसाले वाली गली में दिखाई दिया. जब वह गली में अचानक घुसा तो शुरुआत में लोगों को कुछ पता नहीं चला, लेकिन, जैसे ही वह थोड़ा करीब आया तो लोग चिल्लाने लगे. गली में विशाल मगरमच्छ देख चीख-पुकार मच गई और लोग छतों पर चढ़ गए. लोगों ने खुद को घरों में कैद कर लिया. खासकर बच्चों को लेकर तनाव फैल गया. क्योंकि, ये गली संकरी है और यहां बारिश के बावजूद चहल-पहल रहती है. लोग घरों के बाहर किसी न किसी काम से निकलते ही हैं.
मशक्कत से पाया मगरमच्छ पर काबू
घर में कैद होने के बाद किसी रहवासी ने इसकी सूचना पुलिस को दी और फिर पूरा प्रशासन एक्टिव हो गया. वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची. टीम को देख मगरमच्छ ने भागने की कोशिश की, लेकिन गली संकली होने की वजह से भाग नहीं सका. मगरमच्छ के फुर्तीले और भारी होने की वजह से वन विभाग की टीम को उसे काबू करने में पसीने छूट गए. टीम ने रस्सियों और जाल के सहारे पहले उसे घेरा और फिर काबू किया. इस रेस्क्यू ऑपरेशन होने तक लोग छतों से नजारा देखते रहे.
जिले में बाढ़ के हालात
गौरतलब है कि शिवपुरी में भारी बारिश से बाढ़ के हालात निर्मित हो गए हैं. सर्किट हाउस रोड, रामबाग कॉलोनी, गायत्री कॉलोनी, शंकर कॉलोनी, नाई की बगिया, नवाब साहब रोड, पुराना बस स्टैंड, विष्णु मंदिर के सामने, होटल आइस पैलेस के पास, शंकर कॉलोनी, ठंडी सड़क सहित कई इलाकों में पानी भर गया है. पानी की निकासी न होने और घरों में पानी भरने से लोग परेशान हैं. लोगों में प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है


Next Story