मध्य प्रदेश

अस्‍पताल में भीषण आग, पांच मरीजों की मौत, 6 गंभीर

Shantanu Roy
1 Aug 2022 10:54 AM GMT
अस्‍पताल में भीषण आग, पांच मरीजों की मौत, 6 गंभीर
x
बड़ी खबर

जबलपुर। शहर के न्‍यू लाइफ मल्‍टी स्‍पेशिलि‍टी अस्‍पताल में आग लगने से पांच मरीजों की मौत की सूचना है। इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है। इस हादसे में करीब आधा दर्जन लोग झुलस भी गए हैं। अपुष्‍ट सूत्रों के अनुसार इस आग में चार मरीज जिंदा जल गए हैं। कड़ी मशक्‍कत के बाद फायर ब्रि‍गेड ने आग पर काबू पा लिया है। आग लगने से अस्‍पताल में अफरातफरी का माहौल है। प्रत्‍यक्षदर्शियों के अनुसार करीब 5 लोगों के शव को अस्‍पताल से निकाला गया है। अस्‍पताल में कितने मरीज भर्ती थे इसकी जानकारी अभी नहीं मिल सकी है। इस अस्‍पताल में करीब 52 लोगों का स्‍टाफ है। आग कैसे लगी इसका सही खुलासा अभी नहीं हो पाया है।

कुछ लोगों का कहना है कि अस्‍पताल के एक कोने में लगी पूरे अस्‍पताल परिसर में फैल गई। अस्‍पताल परिसर के बाहर का नजारा दर्दनाक है। बाहर मरीजों के परिजन रोते बिलखते नजर आ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों और अग्नि शमन दल के अधिकारियों के अनुसार हादसा बड़ा है। अस्‍पताल में अभी तलाशी अभियान चल रहा है। घटना के बारे में अभी अस्‍पताल प्रशासन की ओर से कोई बयान नहीं आया है। बताया जाता है कि सबसे ज्‍यादा क्षति पहली मंजिल पर ही हुई है। ऊपर की मंजिलों के लोगों ने जैसेतैसे कूद कर अपनी जान बचाई है। महापौर के साथ प्रशासनिक अधिकारी और स्‍वास्‍थ्‍य विभाग के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। बताया गया है कि झुलसे हुए लोगों को अन्‍य अस्‍पताल भेजा जा रहा है। आग लगने के बाद समूचे अस्‍पताल में मरीज के परिजन बदहवास हालत में देखे जा रहे हैं।

Next Story