राज्य

Lucknow: अंसल ग्रुप के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज

Admindelhi1
5 March 2025 11:47 AM IST
Lucknow: अंसल ग्रुप के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में मामला दर्ज
x
योगी सरकार की बड़ी कार्रवाई

लखनऊ: यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश पर मंगलवार को गोमतीनगर थाने में अंसल ग्रुप के खिलाफ गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के अमीन अर्पित शर्मा की लिखित शिकायत पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इनमें मेसर्स अंसल प्रॉपर्टीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर लिमिटेड, प्रमोटर्स प्रणव अंसल, सुशील अंसल, फ्रेन्सेटी पैट्रिका अटकिंशन और डायरेक्टर विनय कुमार सिंह को आरोपी बनाया गया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे अंसल ग्रुप में हड़कंप मच गया है।

प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार के मुताबिक, एलडीए के अमीन अर्पित शर्मा ने शिकायत में बताया कि 2005 में तत्कालीन सरकार ने सुल्तानपुर रोड पर 1765 एकड़ में हाईटेक टाउनशिप विकसित करने के लिए अंसल ग्रुप का चयन किया था। इस परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट (DPR) 2006 में स्वीकृत हुई। बाद में, 2015 तक परियोजना का विस्तार कर 6465 एकड़ भूमि स्वीकृत की गई थी। इस योजना के तहत अंसल ग्रुप ने एक आधुनिक रिहायशी टाउनशिप बनाने और विभिन्न सुविधाएं देने का दावा किया था।

लेकिन जांच में सामने आया कि अंसल ग्रुप के प्रमोटर्स-प्रणव अंसल, सुशील अंसल और अन्य अज्ञात व्यक्तियों ने धोखाधड़ी से प्राधिकरण की बंधक जमीन को अवैध रूप से बेच दिया।

सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जे का आरोप

शिकायत के अनुसार, अंसल ग्रुप ने टाउनशिप में अपनी खरीदी गई जमीन के अलावा ग्राम समाज, सीलिंग, तालाब, राज्य सरकार के नाम दर्ज भूमि, चक मार्ग, नवीन परती, बंजर, नहर और नाली की जमीन को भी प्रोजेक्ट में शामिल कर लिया, जिसकी जानकारी प्राधिकरण को नहीं दी। जांच के दौरान इस घोटाले का खुलासा हुआ।

अंसल ग्रुप के खिलाफ पहले से चल रहे हैं केस

अंसल ग्रुप यूपी के सबसे बड़े बिल्डरों में से एक है और इसके लखनऊ, नोएडा और गाजियाबाद समेत कई शहरों में बड़े प्रोजेक्ट चल रहे हैं। खासकर लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी में ग्रुप के खिलाफ 20 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें आरोप पत्र भी दायर किए जा चुके हैं और अदालत ने संज्ञान भी ले लिया है।

योगी सरकार का बड़ा कदम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निवेशकों से अपील की है कि वे अंसल ग्रुप के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराएं। सरकार निवेशकों के हितों की रक्षा करेगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में किसी भी जनपद में अंसल ग्रुप द्वारा की गई धोखाधड़ी के मामलों में FIR दर्ज कराई जा सकती है।

पुलिस की जांच में मिले सबूतों के आधार पर यह बड़ी कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने संकेत दिया है कि आगे भी इस मामले में कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।

Next Story