राज्य

एक युवक को गोली मारकर हत्या कर जिले की सीमा लांघ गया खालिद

Soni
22 Feb 2022 10:49 AM IST
एक युवक को गोली मारकर हत्या कर जिले की सीमा लांघ गया खालिद
x

बदायूं में दो दिन पहले चुनावी रंजिश में मुस्लिम भाजपा समर्थक की हत्या को अंजाम देकर फरार हुआ आरोपी तीसरे दिन मंगलवार को भी हाथ नहीं लगा है। बताया जाता है कि वह जिले की सरहद लांघ गया है, उसके संभावित ठिकानों पर आसपास के जिलों में भी पुलिस ने छापामारी की लेकिन वह हाथ नहीं लगा। हालांकि उसके करीबियों से अभी भी पुलिस पूछताछ कर रही है। सदर कोतवाली इलाके में शनिवार रात शारिक नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वजह महज इतनी थी कि शारिक का कहना था कि चुनाव के बाद भाजपा की सरकार बनेगी, जबकि खालिद सपा समर्थक था और समाजवादी की सरकार बनने का दावा कर रहा था। इसी बीच दोनों के बीच विवाद गहराया और खालिद ने शारिक की गोली मारकर हत्या कर दी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा तो लिख लिया लेकिन उसी रात खालिद बदायूं की सरहद लांघ गया, ताकि पुलिस से बचा रहे। पुलिस ने आरोपी के परिजनों को हिरासत में लेकर उसके रिश्तेदारों को सूचीबद्ध कर लिया। उन जगहों पर भी दबिश दी गई, जहां वह अपने परिचितों के यहां आसरा ले सकता था लेकिन कहीं भी उसका पता नहीं लग सका है। खालिद की तलाश में सदर कोतवाली पुलिस के अलावा स्वाट व सर्विलांस टीमों को भी लगाया गया है लेकिन वह किसी भी स्तर पर ऐसा सुराग नहीं छोड़ रहा, जो पकड़ में आ सके। बताया जाता है कि भागने से पहले उसने काफी रुपये भी साथ लिए थे, ताकि अधिक से अधिक वक्त यहां से दूर रहकर पुलिस से खुद को बचा सके। सदर कोतवाल डीएस धामा ने बताया कि खालिद की तलाश में टीमें लगी हुई हैं। कोशिश है कि जल्द उसे पकड़ा जाए।

Next Story