
Kerala केरल: कोल्लम-अयूर स्टेट हाईवे के किनारे मुखतला कनियामथोड़ इलाके में चल रहे एक LPG गोदाम पर बड़ी कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में अवैध गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई जिला आपूर्ति विभाग की टीम द्वारा की गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर जिला सप्लाई ऑफिसर के.बी. सिंधु के नेतृत्व में टीम ने HMK गैस एजेंसी के गोदाम पर छापा मारा। यह गोदाम चथन्नूर में संचालित एक एजेंसी के नाम पर चल रहा था, लेकिन संचालन स्थल कनियामथोड़ में पाया गया।
छापेमारी के दौरान टीम को बड़ी मात्रा में अनियमितता मिली। अधिकारियों ने बताया कि मौके से 1000 से अधिक खाली कमर्शियल सिलेंडर बरामद किए गए, जो हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HP) के मानक सिलेंडर नहीं थे। इसके अलावा एक लॉरी में लदे 200 से अधिक भरे हुए HP सिलेंडर भी जब्त किए गए।
जांच में यह भी सामने आया कि इस गोदाम से कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई की जाती थी, लेकिन यह पूरी प्रक्रिया आधिकारिक सिविल सप्लाई एलपीजी ट्रैकिंग सिस्टम के जरिए नहीं की जा रही थी। अधिकारियों के अनुसार, सिलेंडरों को लॉरी में भरकर अलग-अलग दुकानों तक पहुंचाया जाता था, जो नियमों का उल्लंघन है।
छापेमारी के दौरान यह भी पता चला कि एक बंद गोदाम चिरक्करा के पोलाचिरा इलाके में भी इस नेटवर्क से जुड़ा हुआ हो सकता है। टीम ने उस स्थान की भी जांच की, जहां से संदिग्ध गतिविधियों के संकेत मिले हैं।
हिंदुस्तान पेट्रोलियम से जुड़े सिलेंडरों के गलत तरीके से संग्रहण और वितरण को लेकर अब जांच और तेज कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में यह संकेत मिले हैं कि यह पूरा नेटवर्क लंबे समय से बिना निगरानी के संचालित हो रहा था।
अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के अवैध भंडारण से सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो सकता है, क्योंकि गैस सिलेंडरों का अनियमित भंडारण और परिवहन किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
स्थानीय प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। साथ ही, यह भी जांच की जा रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और सप्लाई चैन कितनी दूर तक फैला हुआ है।
फिलहाल, इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध LPG कारोबार को लेकर चिंता बढ़ गई है और प्रशासन ने सभी संबंधित एजेंसियों की निगरानी और सख्त करने के संकेत दिए हैं।





