
Kerala केरल : पुलिस ने मंगलवार को बताया कि एलजीबीटीक्यू समुदाय के एक मोबाइल ऐप पर दोस्ती करने के बाद 16 वर्षीय एक लड़के का यौन उत्पीड़न करने के आरोप में दो सरकारी कर्मचारियों समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
ज़िले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, लड़के का उसके घर और कन्नूर व कोझिकोड ज़िलों सहित अन्य जगहों पर दो साल की अवधि में 14 अलग-अलग पुरुषों ने यौन उत्पीड़न किया।
घटना तब सामने आई जब लड़के की माँ ने उस व्यक्ति को घर पर लड़के के साथ देखा। पुलिस ने बताया कि उसे देखते ही वह व्यक्ति भाग गया।
जब उसके बेटे से इस बारे में पूछताछ की गई, तो उसने घटना के बारे में बताया। अधिकारी ने बताया कि उसने चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचित किया, जिसने पुलिस से संपर्क किया।
अधिकारी ने बताया कि लड़के के बयान के आधार पर, पिछले दो दिनों में आरोपी के खिलाफ यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, 2012 के तहत 14 अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं।





