
औरैया: केरल सरकार द्वारा आयोजित केरल एक्सपोजर विजिट के लिए उत्तर प्रदेश से चयनित पच्चीस ग्राम पंचायतों में से जिला औरैया की मात्र एक मॉडल ग्राम पंचायत बूढ़ादाना का चयन किया गया है। ग्राम पंचायत के इस चयन से जहां जनपद के लिए गौरव बढ़ा है वहीं ग्रामवासियों में खुशी का माहौल है।
प्रदेश भर से चयनित 25 प्रधानों में बूढ़ादाना के प्रधान मोहित सिंह एक सप्ताह के लिए केरल गए हैं, जहां वे अपनी पंचायत में किये गए जनहित के कार्यों और अपने अनुभवों को वहां की ग्राम पंचायतों के प्रधानों के साथ साझा करेंगे। साथ ही केरल की ग्राम पंचायतों में किये जाने वाले जनहित एवं उत्कृष्ट कार्यों को देखेंगे व समझेंगे। इसके अलावा केरल सरकार के पंचायती राज्य विभाग के अधिकारी प्रशिक्षण भी देंगे।
औरैया जनपद की प्रथम मॉडल ग्राम पंचायत बूढ़ादाना के प्रधान ठा. मोहित सिंह द्वारा पंचायत में कराए गए जनहित के कार्यों के आधार पर केरल प्रशासन द्वारा आयोजित केरल के शहर थ्रिसूर में ‘केरल एक्सपोजर विजिट’ के लिए चयन हुआ है। प्रदेश भर से केवल पच्चीस ग्राम पंचायत के प्रधानों में से औरैया जिला से एक ग्राम पंचायत का चयन होने से जिला का गौरव बढ़ा है। प्रदेश के पंचायती राज्य विभाग द्वारा प्रदेश की उन ग्राम पंचायत के प्रधानों का चयन किया गया जिन्होंने अपनी पंचायतों में जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ कराया तथा सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं को धरातल पर हूबहू उतारा है।
इन योजनाओं को प्रधान ने गांव में दिया मूर्त रूप:
विकास खण्ड भाग्यनगर की एक मात्र मॉडल ग्राम पंचायत बूढ़ादाना के प्रधान ठा. मोहित सिंह ने सरकार द्वारा चलाई जा रही जनहित योजनाओं में कॉमन सर्विस सेंटर, अंत्येष्टि स्थल, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट, बारात घर, आयुर्वेदिक अस्पताल, सात नए रोड, आरआरसी सेंटर, सोलर लाइट, स्ट्रीट लाइटें, पचास शाैचालय, बत्तीस सोकपिट, चार खाद के गड्ढे एवं सामुदायिक शौचालय का निर्माण कराया। पंचायत निवासियों को रोजगार से जोड़ने के लिए भी सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं पर भी पंचायत में कार्य किये जा रहे हैं। सरकार की जनहित में चलाई जा रही योजनाओं को सही तरीके से धरातल पर उतारने के लिए प्रधान को मुख्यमंत्री पुरस्कार के रूप दो बार ग्यारह-ग्यारह लाख रुपये एवं प्रशस्ति पत्र देकर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पंचायती राज्य विभाग की ओर से सम्मानित किया जा चुका है। जिला स्तर पर भी पंचायत को जनहित के लिए उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया है।
केरल उत्कृष्ट कार्याें को अपनी ग्राम पंचायत में करेंगे लागू:
सरकार की योजनाओं को हूबहू धरातल पर उतारने पर केरल एक्सपोजर विजिट के लिए प्रधान को केरल भेजा गया है, जहां वे एक सप्ताह का प्रशिक्षण लेंगे। अपने जनहित के कार्यों को वहां प्रधानों से साझा करेंगे तथा वहां की पंचायतों में होने वाले उत्कृष्ट कार्यों को देख कर अनुभव प्राप्त करेंगे। इन अनुभवों को अपनी पंचायत में लागू कर और अधिक बेहतर काम करने की कोशिश करेंगे।





