
Karnataka कर्नाटक: शहर के चिक्काबनवारा स्थित द्वारकानगर में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 5 साल की बच्ची की मौत हो गई। घटना उस समय हुई जब एक कंपाउंड की दीवार और उससे जुड़ा लोहे का गेट अचानक गिर पड़ा और खेल रहे बच्चों पर जा गिरा।
मृत बच्ची की पहचान गौसिया (5) के रूप में हुई है। यह घटना शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे के वक्त गौसिया और अन्य बच्चे घर के सामने खेल रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भारी गेट अचानक भरभरा कर बच्चों पर गिर पड़ा, जिससे गौसिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं एक अन्य बच्ची सुमाया गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा दो अन्य बच्चों को भी हल्की चोटें आई हैं।
बताया जा रहा है कि मृतक गौसिया और घायल सुमाया रिश्तेदार हैं। दोनों एक ही परिवार से जुड़े हुए थे। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है और स्थानीय लोग सदमे में हैं।
जानकारी के मुताबिक, जिस घर के सामने यह हादसा हुआ, वह रविशंकर नाम के व्यक्ति का बताया जा रहा है। गौसिया के माता-पिता पिछले लगभग पांच महीने से इसी इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे। परिवार का गुज़ारा बस स्टैंड के पास फल बेचकर होता है।
घटना के बाद चिक्काबनवारा पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने घर के मालिक रविशंकर से पूछताछ भी की है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि गेट और दीवार की स्थिति पहले से कमजोर थी या नहीं।
पुलिस ने मामले में प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है और यह भी देखा जा रहा है कि कहीं रखरखाव में लापरवाही तो नहीं हुई थी।
इस दर्दनाक घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोग प्रशासन से जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग कर रहे हैं।





