कर्नाटक

कर्नाटक में चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के लिए राज्य भर में विशेष प्रार्थनाएं

Rani Sahu
23 Aug 2023 1:49 PM IST
कर्नाटक में चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के लिए राज्य भर में विशेष प्रार्थनाएं
x
बेंगलुरु (आईएएनएस)। चंद्रयान-3 मिशन की सफलता को लेकर कर्नाटक के लोगों ने बुधवार को मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की। आम लोगों सहित नेताओं ने भी विशेष प्रार्थना की। राज्य के रायचूर शहर के एनआईजी कॉलोनी में काशी विश्वनाथ मंदिर में 20 से अधिक बच्चों ने शिवलिंग का 'पंचामृत अभिषेक' किया। बच्चों ने भगवान के समक्ष स्तोत्र का पाठ किया और भारत के लिए चंद्रयान-3 मिशन की सफलता को लेकर ईश्वर से प्रार्थना की।
बच्‍चों ने बताया कि हमने मिशन की सफलता के लिए भगवान को दूध अर्पित किया है। हमने श्लोक पढ़े और भजन गाए। अगर चंद्रयान-3 सफल होता है तो हमें चंद्रमा को करीब से देखने का मौका मिलेगा।
1008 श्रीशैल मठाधीश डॉ. चन्नासिद्दाराम पंडिताराध्य शिवाचार्य स्वामीजी ने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता के लिए भगवान श्रीशैल मल्लिकार्जुन से विशेष प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि पिछली बार मिशन सफल नहीं हो सका मगर भगवान के आशीर्वाद से चंद्रयान-3 मिशन सफल होगा।
उन्होंने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वैज्ञानिकों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सफलता की भी कामना की।
भाजपा विधायक टी.एस.श्रीवत्स के नेतृत्व में 82 लोगों की एक टीम ने चंद्रयान - 3 मिशन की सफलता के लिए विशेष प्रार्थना की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वैज्ञानिकों के लिए नारे भी लगाए।
बालेहोन्नुरु मठ के रंभपुरी श्री के नाम से मशहूर डॉ. वीरसोमेश्वर जगद्गुरु ने भी इस अवसर की सफलता की कामना की है।
उन्होंने कहा कि आज पूरा विश्व भारत की ओर रुख कर रहा है। हमारे वैज्ञानिकों का कार्य दूसरों के लिए आदर्श बने। मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई देता हूं जो वैज्ञानिकों के पीछे खड़े रहे। यह गर्व की बात है कि हजारों वैज्ञानिकों में से एक डॉ. के. नंदिनी बालेहोन्नुरु की रहने वाली हैं। मैं उस स्वर्णिम पल का इंतजार कर रहा हूं।''
Next Story