कर्नाटक

सिद्दारमैया ने दिया राज्य के लोगों को आश्वासन, गारंटी योजनाओं पर आदेश आज

Ashwandewangan
20 May 2023 10:28 AM GMT
सिद्दारमैया ने दिया राज्य के लोगों को आश्वासन, गारंटी योजनाओं पर आदेश आज
x

बेंगलुरु। कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद सिद्दारमैया ने शनिवार को कहा कि उनकी सरकार लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करेगी। उन्होंने विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, लोग बदलाव चाहते हैं। मैं कैबिनेट से मंजूरी लूंगा और (घोषणापत्र में वादे के अनुरूप) सभी पांच गारंटी पर आज आदेश जारी करूंगा।

इससे पहले दिन में सिद्दारमैया और डी.के. शिवकुमार ने राज्य में नई कांग्रेस सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में क्रमश: कर्नाटक के नए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। आठ कैबिनेट मंत्रियों ने भी शपथ ली। उन्होंने कहा, कर्नाटक के लोगों को यह नई कांग्रेस सरकार का आश्वासन है। मैं यह भी वादा करता हूं कि कांग्रेस के घोषणापत्र के सभी आश्वासनों को भी पूरा किया जाएगा।

सिद्दारमैया ने कांग्रेस की जीत को कर्नाटक के लोगों की जीत बताया। जनता के आशीर्वाद से कांग्रेस सत्ता में आई है। कांग्रेस ने राज्य में भारत जोड़ो यात्रा से प्रचार की शुरुआत की थी और यह पार्टी के सत्ता में आने के मुख्य कारणों में से एक है। राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और अन्य राष्ट्रीय नेताओं ने कर्नाटक में प्रचार किया है। उन्होंने कहा, मैं उन सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं। राज्य के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने यहां कांटीरावा स्टेडियम में एक समारोह में दोनों नेताओं को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। मुख्यमंत्री के रूप में सिद्दारमैया का यह दूसरा कार्यकाल है। वह पहले 2013 से 2018 तक इस पद पर रह चुके हैं।

सिद्दारमैया ने जहां भगवान के नाम पर 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, वहीं शिवकुमार ने अपने आध्यात्मिक गुरु श्री गंगाधर अज्जा के नाम पर शपथ ली। जी. परमेश्वर ने संविधान के नाम पर पद की शपथ ली, वहीं कांग्रेस के दिग्गज नेता के.एच. मुनियप्पा और केजे जॉर्ज ने भगवान के नाम पर शपथ ली।

सतीश जारकीहोली ने बुद्ध, बसव और अंबेडकर के नाम पर शपथ ली। एआईसीसी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बेटे प्रियांक खड़गे और एम.बी. पाटिल ने भगवान के नाम पर शपथ ली।

Ashwandewangan

Ashwandewangan

प्रकाश सिंह पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में हैं। साल 2019 में उन्होंने मीडिया जगत में कदम रखा। फिलहाल, प्रकाश जनता से रिश्ता वेब साइट में बतौर content writer काम कर रहे हैं। उन्होंने श्री राम स्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी लखनऊ से हिंदी पत्रकारिता में मास्टर्स किया है। प्रकाश खेल के अलावा राजनीति और मनोरंजन की खबर लिखते हैं।

    Next Story