
Karnataka कर्नाटक: बेंगलुरु में कई दिनों से पड़ रही तेज धूप के बाद कल रात हुई बारिश और तेज हवाओं ने लोगों को आंशिक राहत तो दी, लेकिन साथ ही कई इलाकों में गंभीर हादसों और नुकसान की खबरें सामने आई हैं। लगातार तेज हवाओं और ओलावृष्टि के कारण अलग-अलग घटनाओं में कुल 9 लोगों की मौत हो गई है।
तेज हवाओं के चलते शहर के कई हिस्सों में बड़े पेड़ उखड़ गए, जिससे सड़क यातायात और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। वहीं कई निचले इलाकों और अंडरपास में भारी मात्रा में पानी भर गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई है।
शहर के विभिन्न हिस्सों में जलभराव की स्थिति आज भी बनी हुई है। पुलिस के अनुसार लोरी अंडरपास में अभी भी पानी जमा है, जिससे वहां वाहनों की आवाजाही में काफी परेशानी हो रही है। महादेवपुरा की ओर जाने वाले मार्ग पर भी ट्रैफिक धीमा चल रहा है।
के.आर. सर्कल अंडरपास में भी पानी भरने की स्थिति बनी हुई है, जिसके चलते प्रशासन ने एहतियातन बैरिकेड लगाकर उसे पूरी तरह बंद कर दिया है। पुलिस और ट्रैफिक विभाग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और यातायात को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया जा रहा है।
बारिश के बाद कई जगहों पर गिरे पेड़ों और जलभराव के कारण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। सुबह के समय ऑफिस जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीमें प्रभावित क्षेत्रों में राहत और सफाई कार्य में जुटी हुई हैं। बिजली विभाग भी पेड़ों के गिरने से प्रभावित लाइनों को ठीक करने में लगा हुआ है।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी मौसम अस्थिर रह सकता है और कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
शहर में लगातार बदलते मौसम और तेज हवाओं के कारण स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि आगे किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।





