
बेंगलुरु: कर्नाटक को जापान की तर्ज पर कम से कम एक आधुनिक रेलवे स्टेशन विकसित करने पर विचार करना चाहिए। मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने मंगलवार को यह बात कही। उन्होंने जापान की रेलवे प्रणाली की साफ-सफाई, गति और समय की पाबंदी की तारीफ की।
जापान में अपनी रेल यात्रा के अनुभव का एक वीडियो साझा करते हुए, शिवकुमार ने बताया कि वहां के रेलवे स्टेशनों पर आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं। वहां स्टेशनों के निचले और ऊपरी दोनों स्तरों पर बड़े शॉपिंग सेंटर और फाइव-स्टार होटल हैं। उन्होंने कहा कि वहां के स्टेशनों और ट्रेनों में इतनी साफ-सफाई रखी जाती है, जो हवाई अड्डों के स्तर की है।
उन्होंने कहा, "ट्रेनों की गति, साफ-सफाई और यात्रियों को मिलने वाली सुविधाएं वाकई शानदार हैं। सबसे प्रभावशाली बात यह है कि वहां समय-सारणी का सख्ती से पालन किया जाता है; ट्रेनें बिना एक मिनट की देरी के बिल्कुल समय पर आती और जाती हैं।
शिवकुमार ने कहा कि कर्नाटक को कम से कम एक जगह पर 'पायलट प्रोजेक्ट' के तौर पर इस मॉडल को लागू करने की कोशिश करनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफल तौर-तरीकों को अपनाना चाहिए और अपने विकास को तेज करने के लिए नई पहल करनी चाहिए।
अपनी जापान यात्रा को एक नया अनुभव बताते हुए, मुख्यमंत्री शिवकुमार ने कहा कि इस दौरे से उन्हें वहां के रेलवे स्टेशनों और प्लेटफॉर्मों को करीब से देखने का मौका मिला।
राज्य सरकार 'वेस्ट-टू-एनर्जी' तकनीक में दुनिया के बेहतरीन तौर-तरीकों का अध्ययन कर रही है और शहरी कचरा प्रबंधन के लिए टिकाऊ समाधान तलाश रही है। इसी के तहत, मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने राज्य के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ मंगलवार को जापान के ओसाका में 'माइशिमा इंसीनिरेशन प्लांट' (कचरा जलाने वाला संयंत्र) का दौरा किया। मुख्यमंत्री अभी आधिकारिक दौरे पर जापान में हैं।





