
Karnataka कर्नाटक : सोमवार को यहां के कुरांदाहल्ली औद्योगिक क्षेत्र में एक पेंट बनाने वाली फैक्ट्री में सुबह आग लगने के बाद सात घंटे तक फैक्ट्री जलती रही। आग लगते ही फैक्ट्री में काम कर रहे 90 से ज्यादा मजदूरों ने बाहर भागकर अपनी जान बचाई। साउथफील्ड पेंट्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में सोमवार सुबह 10 बजे आग लग गई, जहां पेंट बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले कच्चे केमिकल रखे हुए थे। यह शाम 5 बजे तक जलती रही।
गर्मी का मौसम होने के कारण आग ने जल्द ही पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री के चारों तरफ घना धुआं देखा गया। सात घंटे तक जलती रही आग ने फैक्ट्री में मौजूद सारा सामान पूरी तरह से खाक कर दिया। मालूर और बांगरपेट से आए दमकल कर्मियों ने शाम 5 बजे तक आग पर काबू पा लिया। विद्या राय और शिवराम शेषप्पा हेगड़े की साझेदारी वाली यह फैक्ट्री 20 साल से चल रही है और इसमें 90 से ज्यादा मजदूर काम करते हैं। तहसीलदार एम.वी. रूपा, जिला श्रम विभाग अधिकारी वरलक्ष्मी, मलूर श्रम विभाग निरीक्षक रेणुका प्रसन्ना, निरीक्षक वसंत ने घटनास्थल का दौरा किया।





