
Karnataka कर्नाटक : लालबाग में सैकड़ों वर्षों से उग रही देश-विदेश की हजारों पौधों की प्रजातियों के डिजिटलीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शुरुआती चरण में 50 से अधिक प्रजातियों को क्यूआर कोड दिए गए हैं, जिन्हें मोबाइल फोन से स्कैन करने पर इन पौधों के बारे में पूरी जानकारी मिल जाएगी। इसमें पौधे का मूल नाम, उत्पत्ति का स्थान, देश, वृद्धि, उगने की जलवायु, फूल, फल और पत्ती आने का मौसम और उसका वैज्ञानिक नाम समेत तमाम जानकारियां हैं। इससे पौधे की पहचान आसान हो जाएगी। जैव विविधता विशेषज्ञ केशवमूर्ति के नेतृत्व में वैज्ञानिकों की टीम पेड़ों की जानकारी रिकॉर्ड करने पर काम कर रही है। फिलहाल 50 पौधों की प्रजातियों के लिए क्यूआर कोड जारी किए गए हैं। चरणबद्ध तरीके से लालबाग के सभी पेड़ों की जानकारी जुटाई जाएगी और क्यूआर कोड लगाए जाएंगे। यह पूरा होते ही लालबाग की वनस्पति संपदा के बारे में पूरी जानकारी 'लालबाग की वनस्पति संपदा' नाम से किताब के रूप में प्रकाशित की जाएगी।





