
Karnataka कर्नाटक : बगलगुंटे थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक घटना घटी, जिसमें शराब के लिए पैसे न देने पर बेटे ने मां पर लोहे की रॉड से हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या की शिकार बुजुर्ग महिला शांताबाई (81) थी। आरोपी की पहचान महेंद्र सिंह (56) के रूप में हुई है। शराब के नशे में धुत महेंद्र सिंह काम पर न जाकर इधर-उधर भटकता रहता था। पता चला है कि वह अपनी मां को हर दिन पैसे के लिए प्रताड़ित करता था। गुरुवार को पैसे न देने पर उसका मां से झगड़ा हुआ। इस दौरान उसने मां के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। बाद में स्थानीय लोगों ने मृतक महिला की बेटी को सूचना दी।
बेटी मौके पर पहुंची तो पता चला कि मां की मौत हो चुकी है। मृतक शांताबाई के दिवंगत पति सरकारी कर्मचारी थे। इसलिए उन्हें हर महीने पेंशन के पैसे मिलते थे। इसी पैसे से उनका गुजारा होता था। बताया जाता है कि उनका बेटा शराब की लत को पूरा करने के लिए उन्हें प्रताड़ित करता था। खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए विक्टोरिया अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया। बगलगुंटे पुलिस थाने में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है।





